ब्रेकिंग न्यूज

योगी कैबिनेट का विस्तार: 6 नए मंत्रियों ने ली शपथ, 2 मंत्रियों को मिला प्रमोशन


लखनऊ उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार रविवार को संपन्न हो गया। राजधानी लखनऊ स्थित जन भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने छह नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही 2 मौजूदा मंत्रियों को प्रमोट कर स्वतंत्र प्रभार का दर्जा दिया गया।विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हुए इस विस्तार को राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बीजेपी ने मंत्रिमंडल में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ-साथ संगठन और सहयोगी नेताओं को साधने का प्रयास किया है।शपथ लेने वालों में भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वहीं कृष्णा पासवान,सुरेंद्र दिलेर , हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।इसके अलावा अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर को प्रमोशन देते हुए स्वतंत्र प्रभार मंत्री बनाया गया। दोनों नेताओं ने समारोह में नए पद की शपथ ली।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी ने इस विस्तार के जरिए ओबीसी, दलित और अन्य सामाजिक वर्गों को साधने की कोशिश की है। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देकर चुनावी समीकरण मजबूत करने का संदेश भी दिया गया है।विशेष तौर पर सपा छोड़कर बीजेपी में आए मनोज पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने को अहम राजनीतिक संकेत माना जा रहा है। वहीं प्रदेश संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे भूपेंद्र चौधरी को भी बड़ी जिम्मेदारी देकर पार्टी ने संगठन को मजबूत करने का संकेत दिया है।माना जा रहा है कि योगी सरकार का यह मंत्रिमंडल विस्तार आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को ध्यान में रखकर किया गया है जिससे सामाजिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर पार्टी को मजबूती मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं