ब्रेकिंग न्यूज

घर के अंदर गला रेतकर वृद्ध महिला की हत्या, बाहर से बंद था दरवाज़ा; पुलिस जांच में जुटीं


सुल्तानपुर जिले के बंधुआ कला थाना क्षेत्र के लंगड़ी गांव में एक वृद्ध महिला की घर के अंदर गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका घर में अकेली रहती थीं, जबकि उनके दोनों बेटे और बहुएं परदेश में रहते हैं। पति भी पिछले दो माह से बाहर थे।
                  एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण 

जानकारी के अनुसार, महिला का फोन लगातार न उठने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद रिश्तेदार कपिल देव सिंह ने डायल 112 पर सूचना दी कि उनकी रिश्तेदार विमलेश देवी पत्नी चंद्रशेखर सिंह की हत्या कर दी गई है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीओ सिटी, एडिशनल एसपी और पुलिस अधीक्षक चारू निगम मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया कि मुख्य घर का दरवाज़ा बाहर से साकड़ लगाकर बंद किया गया था। अंदर जाकर देखने पर विमलेश देवी घर के प्रवेश द्वार के पास वाले कमरे में मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके गले पर धारदार हथियार से गंभीर वार के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया हत्या का कारण गले पर किए गए वार को माना जा रहा है।मृतका के पति चंद्रशेखर सिंह पंजाब के जगराव डिग्री कॉलेज में रिटायर्ड क्लर्क हैं। पुलिस के अनुसार, करीब दो माह पहले तक दंपती साथ रह रहे थे, लेकिन पिछले दो माह से महिला घर में अकेली थीं। पति और परिजनों से पूछताछ में किसी प्रकार की रंजिश या विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घर के अंदर चोरी या लूटपाट के कोई संकेत नहीं मिले हैं। सामान व्यवस्थित मिला है। घटनास्थल का निरीक्षण मृतका के भाई, बहनों और अन्य रिश्तेदारों की मौजूदगी में कराया गया, लेकिन हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।पुलिस ने शव को पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की कुल पांच टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं