तमंचे के बल पर कलेक्शन एजेंट से लूट का खुलासा, मुठभेड़ में चार गिरफ्तार
सुल्तानपुर कोतवाली नगर पुलिस ने तमंचे के बल पर कलेक्शन एजेंट से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए शनिवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट की नकदी, मोबाइल फोन व एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार सुबह करीब 3:40 बजे हवाई पट्टी के पीछे दूबेपुर मोड़ क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद आरोपियों को दबोच लिया।पुलिस के अनुसार बीते मंगलवार को अमहट क्षेत्र में एक फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट रामकृष्ण विश्वकर्मा से तमंचा दिखाकर करीब 30 हजार रुपये लूट लिए गए थे। रामकृष्ण विश्वकर्मा भदोही के रहने वाले हैं और फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। घटना के समय वह क्षेत्र में लोन की किश्त वसूलकर लौट रहे थे।जांच में पता चला कि कलेक्शन एजेंट का प्रिंस राणा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद प्रिंस राणा ने अपने साथियों को बुला लिया। आरोप है कि बदमाशों ने एजेंट की गाड़ी रोककर तमंचा दिखाया और दिनभर का कलेक्शन लूट लिया।घटना के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थीं। सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में प्रतीक भारती, मो. सुफियान, प्रिंस राणा तथा अनुभव शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 9 एमएम का एक खोखा, 24,500 रुपये नकद, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड मोबाइल और एक आईफोन बरामद किया है।इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं