ब्रेकिंग न्यूज

सीएम योगी बोले—नीयत साफ हो तो नियति बदलती है


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में 1055 करोड़ रुपये की लागत वाली 497 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि नीयत साफ हो और इच्छाशक्ति दृढ़ हो, तो परिस्थितियों को बदलने में देर नहीं लगती। बीते नौ वर्षों में गोरखपुर में आया व्यापक बदलाव इसका प्रमाण है।कार्यक्रम राप्ती नदी के एकला बंधे पर आयोजित हुआ, जहां लिगेसी वेस्ट के निस्तारण के बाद विकसित किए गए ईको पार्क का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने स्वच्छता टूलकिट और कैलेंडर का अनावरण कर “स्वच्छ स्कूल अभियान” की शुरुआत भी की।मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय गोरखपुर में प्रवेश करते ही कचरे के ढेर दिखाई देते थे। जिससे शहर की छवि खराब होती थी। लेकिन अब उसी स्थान को विकसित कर आकर्षक ईको पार्क में बदला गया है।जो शहर के विकास और सकारात्मक सोच का प्रतीक है।उन्होंने बताया कि पहले ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में शहर का कचरा डंप किया जाता था, जिसे बाद में एकला बंधे पर डाला जाने लगा। इससे वायु, जल और भूमि प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हुईं और राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा जुर्माना भी लगाया गया। अब 2.26 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण कर यहां एक सुंदर ईको पार्क विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी ने नगर निगम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने “कचरे को कंचन” में बदलने का सराहनीय कार्य किया है। यह पार्क अब परिवारों के लिए पिकनिक स्पॉट और एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है, जहां बच्चों के खेलने, योग और ध्यान के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पहले जहां खेल सुविधाओं का अभाव था, वहीं अब कई मिनी स्टेडियम बन चुके हैं और गोरखपुर ग्रामीण क्षेत्र में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम भी निर्माणाधीन है।अपने संबोधन के अंत में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए आगामी वन महोत्सव के दौरान अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में मिनी सिटी फॉरेस्ट विकसित करने और लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कोई टिप्पणी नहीं