
लखनऊ यूपी में होमगार्ड के करीब 42 हजार पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन शनिवार से शुरू हो गया है। यह परीक्षा सोमवार तक चलेगी और रोजाना दो पालियों में आयोजित की जाएगी—सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और शाम 3 बजे से 5 बजे तक। इस बड़ी परीक्षा में लगभग 25 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है।भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर के अनुसार, श्रावस्ती को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा संचालन के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है और प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच जिलों के स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचाया गया है।परीक्षा के दौरान पूरे प्रदेश में पुलिस अलर्ट पर रहेगी। सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को पहले ही आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। नकल या परीक्षा में गड़बड़ी की कोशिश करने वालों पर कई एजेंसियां नजर रख रही हैं। सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।इस बीच, योगी आदित्यनाथ ने भी हाल ही में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
परीक्षार्थियों के लिए स्पेशल ट्रेनें
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने चार विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें 25, 26 और 27 अप्रैल को चलाई जाएंगी:
04220 लखनऊ-जौनपुर परीक्षा स्पेशल: शाम 6:20 बजे लखनऊ से चलकर बाराबंकी, रुदौली, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, अकबरपुर और शाहगंज होते हुए जौनपुर पहुंचेगी।
04222 लखनऊ-प्रयाग परीक्षा स्पेशल: शाम 5:30 बजे लखनऊ से चलकर निहालगढ़, सुल्तानपुर, मां बेल्हादेवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन और फाफामऊ के रास्ते प्रयाग पहुंचेगी।
04223 वाराणसी-मऊ परीक्षा स्पेशल: शाम 6 बजे वाराणसी से चलकर जौनपुर और औड़िहार होते हुए मऊ जाएगी।
04224 वाराणसी-बिजौली परीक्षा स्पेशल: शाम 6:35 बजे वाराणसी से चलकर औड़िहार, गाजीपुर और यूसुफपुर होते हुए बिजौली पहुंचेगी।
इन विशेष ट्रेनों से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और वापस लौटने में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
कोई टिप्पणी नहीं