मिशन शक्ति 5.0 के तहत सुलतानपुर में भव्य महिला सम्मेलन, उत्कृष्ट महिलाओं का हुआ सम्मान
सुलतानपुर जिले में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत एक भव्य एवं प्रेरणादायी महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पं० रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित हुआ, जिसका शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। उद्घाटन के साथ ही पूरे सभागार में सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बन गया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चारू निगम के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य व्यक्ति तथा महिला प्रधानाचार्य उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने मिशन शक्ति अभियान की सराहना करते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।सम्मेलन के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इन महिलाओं ने अपने साहस, संघर्ष और उपलब्धियों के माध्यम से समाज में एक सशक्त संदेश स्थापित किया है। उनके अनुभव और उपलब्धियां अन्य महिलाओं एवं युवतियों के लिए प्रेरणास्रोत बनीं।कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक ने सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी निभाने वाली महिलाओं को पौध भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं का आत्मविश्वास और जागरूकता ही समाज को सुरक्षित और सशक्त बना सकती है।इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में सुरक्षा एवं सम्मान का वातावरण स्थापित करना रहा।अंत में सुलतानपुर पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की कि वे महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहें और मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

कोई टिप्पणी नहीं