ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में शराब की दुकानों के आवेदन को लेकर आया अपडेट


लखनऊ उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग ने फुटकर मदिरा दुकानों के आवंटन के तीसरे चरण की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू कर दी है। विभाग ने इच्छुक आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। ई-लॉटरी के माध्यम से होने वाले इस आवंटन के लिए आवेदन करने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित की गई है।विभागीय अधिकारियों के अनुसार, तीसरे चरण में कुल 896 दुकानों का आवंटन किया जाएगा। इनमें देशी शराब, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप तथा भांग की दुकानें शामिल हैं। इस चरण को उन आवेदकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है जो पहले दो चरणों में आवेदन नहीं कर सके थे या चयनित नहीं हो पाए थे।आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। इसके लिए विभाग के आधिकारिक पोर्टल https://exciseelotteryup.upsdc.gov.in⁠ पर सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आवेदक इसी पोर्टल के माध्यम से आवेदन पत्र भरने के साथ आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं और निर्धारित शुल्क का भुगतान भी कर सकते हैं। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ई-लॉटरी प्रणाली अपनाई गई है। साथ ही आवेदकों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले सभी नियमों और शर्तों का भली-भांति अध्ययन कर लें। विभाग ने यह भी कहा है कि आवेदन शुल्क का भुगतान केवल आधिकारिक पोर्टल के जरिए ही किया जाए और किसी भी अनधिकृत माध्यम या व्यक्ति से बचा जाए।विभाग का मानना है कि इस प्रक्रिया से दुकानों के आवंटन में निष्पक्षता बनी रहेगी और अधिक से अधिक पात्र आवेदकों को अवसर मिल सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं