ब्रेकिंग न्यूज

जमीनी विवाद पर घर में घुसकर हमला, 4 घायल रेफर


सुल्तानपुर जिले में जमीनी विवाद को लेकर रविवार को एक घर में हमला किया गया। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अंबेडकर नगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक चारु निगम सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू की।यह घटना अखंड नगर थानाक्षेत्र के कल्याणपुर गांव की है।

बताया जा रहा है कि लाठी-डंडों और पिस्टल से लैस हमलावरों ने घर में घुसकर जमकर बवाल मचाया। इस दौरान खुलेआम फायरिंग भी की गई, जिसमें पीड़ित परिवार के एक सदस्य को गोली लगी है।कल्याणपुर गांव निवासी सुरेश यादव का अपने पट्टीदारों संजीत यादव और आनंद यादव सहित अन्य लोगों से जमीनी विवाद चल रहा है। शनिवार, 14 मार्च को भी विपक्षी पूर्व मंत्री राणा अजीत प्रताप सिंह सहित दर्जनों लोगों के साथ मौके पर पहुंचे थे और जमीन कब्जाने का प्रयास किया था।पीड़ित सुरेश यादव ने इस संबंध में अखंड नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते रविवार को विपक्षी दोबारा पूरे दल-बल के साथ पहुंचे और घर में घुसकर हमला कर दिया।घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पड़ोसी जनपद अंबेडकर नगर के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। गोली लगने की सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।इस हमले में विपुल यादव (16, पुत्र सुरेश यादव, सिर में चोट), सोभावती (50, पत्नी चंद्रजीत यादव), कमलेश (42, पुत्र सुरेश यादव, सिर में चोट), रोशनी (25, पुत्री चंद्रजीत), संजय यादव (31, पुत्र चंद्रजीत यादव) और प्रैंकुर यादव (12, पुत्र चंद्रजीत यादव) घायल हुए हैं। घटना का संज्ञान पुलिस अधीक्षक चारु निगम द्वारा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रकरण में कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी अखण्डनगर को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है।साथ ही क्षेत्राधिकारी कादीपुर एवं थाना प्रभारी अखण्डनगर द्वारा कार्य में शिथिलता बरतने के सम्बन्ध में जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। जांच उपरान्त प्राप्त तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं