सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त जन शिकायतों/समस्याओं का निस्तारण ससमय करें सम्बन्धित अधिकारी-प्रभारी जिलाधिकारी


सुलतानपुर प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में आज शनिवार को तहसील लम्भुआ सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस पर कोविड-19 के प्रोटोकाल के अनुरूप टोकेन सिस्टम का प्रयोग कर एक-एक फरियादियों की समस्याओं/शिकायतों को गम्भीरता पूर्वक सुनकर उसका निस्तारण मौके पर उपस्थित सम्बन्धित अधिकारियों से किये जाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों के निस्तारण के समय दोनों पक्षों की फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी कराकर रिपोर्ट सम्बन्धित एसडीएम को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।   मुख्य विकास अधिकारी श्री वत्स द्वारा भूमि विवाद, पुलिस आदि के प्रकरण पर सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मौके पर निरीक्षण कर विवाद का निपटारा कराना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी अपने-अपने विभाग के प्रार्थना पत्र का निस्तारण समयबद्ध ढंग से करना सुनिश्चत करें। जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस लम्भुआ में डीएम के समक्ष कुल 117 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक राजस्व 70, पुलिस 14, विकास 13, समाज कल्याण 01 तथा अन्य विभागों के कुल 09 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मौके पर 10 प्रार्थना पत्रों/जन शिकायतों का सम्बन्धित अधिकारियों से गुणवत्तापूर्ण ससमय निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जन शिकायतों के निस्तारण के समय दोनों पक्षों का बयान लिया जाय, फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराकर निस्तारण आख्या के साथ उप जिलाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाय। डीएम ने शेष 107 प्रार्थना पत्रों/शिकायतों को निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को प्रेषण करने हेतु उप जिलाधिकारी लम्भुआ को निर्देशित किया। इसी प्रकार जनपद की अन्य चारों तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जन शिकायतों/समस्याओं को रोस्टर के अनुसार अपर जिलाधिकारी(प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), सम्बन्धित तहसीलों में तथा शेष 02 तहसीलों में सम्बन्धित उप जिलाधिकारी द्वारा सुनकर उसका निस्तारण किये जाने का निर्देश सम्बन्धित तहसील स्तरीय अधिकारियों को दिये गये।  जनपद स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील लम्भुआ में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 डी0के0 त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी लम्भुआ वन्दना पाण्डेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी लम्भुआ सतीश शुक्ला सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, तहसील अन्तर्गत सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण एवं फरियादीगण आदि उपस्थित रहे।

Post Comment

कोई टिप्पणी नहीं