UP में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की स्वगणना 16 नवंबर से, घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे परिवार का ब्योरा
लखनऊ यूपी में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू होगी। इस सुविधा के माध्यम से लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार और परिवार के सभी सदस्यों से जुड़ी जानकारियां स्वयं दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना की यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर परिवारों का विवरण एकत्र करेंगे।प्रधान जनगणना अधिकारी ने बताया कि स्वगणना के लिए भारत सरकार की ओर से आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक परिवार इस पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले पोर्टल पर उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारियां भरनी होंगी। दर्ज किए गए मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होगा, जिसके सत्यापन के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। इसके बाद परिवार अपनी पसंद की भाषा का चयन कर निर्धारित प्रश्नों के उत्तर भर सकेगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वगणना करना अनिवार्य नहीं है। जो परिवार निर्धारित अवधि में ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, उनके घर जनगणना कर्मी पहुंचेंगे और परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक विवरण एकत्र करेंगे। यानी ऑनलाइन स्वगणना नहीं करने वाले परिवार भी जनगणना प्रक्रिया से बाहर नहीं होंगे।स्वगणना की प्रक्रिया में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ऑनलाइन फॉर्म भरकर सबमिट करने के बाद परिवार को एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या (एसईआईडी) जारी की जाएगी। इस पहचान संख्या को सुरक्षित रखना जरूरी होगा। जब एक दिसंबर से जनगणना कर्मी घर पहुंचेंगे तो परिवार के मुखिया को उन्हें यह एसईआईडी बतानी होगी। गणनाकर्मी इस पहचान संख्या का सत्यापन करेंगे और इसके बाद स्वगणना की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।यदि किसी परिवार ने ऑनलाइन स्वगणना नहीं की होगी तो गणनाकर्मी घर पहुंचकर मौके पर ही आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे और निर्धारित फॉर्म भरवाकर जनगणना की प्रक्रिया पूरी कराएंगे।जनगणना की इस व्यवस्था में परिवार के प्रत्येक सदस्य को अलग-अलग लॉगिन करने की आवश्यकता नहीं होगी। परिवार का मुखिया ही एक बार लॉगिन करके अपने परिवार के सभी सदस्यों का पूरा ब्योरा दर्ज कर सकेगा। इससे लोगों को बार-बार अलग-अलग फॉर्म भरने की परेशानी नहीं होगी।जनगणना विभाग की इस पहल का उद्देश्य लोगों को घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा देना और जनगणना की प्रक्रिया को अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाना है। ऐसे में लोग 16 से 30 नवंबर के बीच आधिकारिक पोर्टल पर स्वगणना कर सकते हैं। वहीं, ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्राप्त एसईआईडी को सुरक्षित रखना न भूलें, ताकि गणनाकर्मियों के घर पहुंचने पर उसका सत्यापन आसानी से कराया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं