ब्रेकिंग न्यूज

खाद, धान-गन्ना खरीद और गोवंश संरक्षण में लापरवाही पर डीएम सख्त


सुल्तानपुर मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में रविवार को आयोजित ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेश में खाद की उपलब्धता एवं वितरण, धान क्रय, गन्ना क्रय, पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम तथा गो आश्रय स्थलों एवं निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं भरण-पोषण के संबंध में विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिलाधिकारी  इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी  विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।   वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्राप्त निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने जनपद के संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में उर्वरक का वितरण पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए। ई-पॉस मशीन खराब होने की स्थिति में उसे तत्काल ठीक कराया जाए तथा सभी सहकारी समितियां निर्धारित रोस्टर के अनुसार प्रातः 09:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक अनिवार्य रूप से खुली रहें। सभी सहकारी समितियों पर जहां खाद की कमी हो वहां तत्काल डीएपी सहित अन्य सभी उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। किसानों को फार्मर रजिस्ट्री, जोत के रकबे एवं फसल की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।    उन्होंने उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता तथा जिला प्रबंधक पीसीएफ को प्रतिदिन उर्वरक वितरण की निगरानी करने के निर्देश दिए  तथा तिथिवार रिपोर्ट भी उपलब्ध कराए।   प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फसलों की हुई क्षति का स्थलीय सत्यापन कराते हुए तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए तथा पात्र प्रभावित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति की धनराशि समय से उपलब्ध कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। धान क्रय की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने दिए गए निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी ने किसानों का पंजीकरण बढ़ाने तथा राजस्व विभाग को पंजीकरण के सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा निर्धारित लक्ष्य को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। धान क्रय की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।गोवंश संरक्षण एवं गो-आश्रय स्थलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पशुधन विभाग के अधिकारियों को गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के समुचित संरक्षण एवं भरण-पोषण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरण-पोषण योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र लोगों को गोवंश गोद लेने के लिए प्रेरित करने, पशुओं के लिए हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा चारागाह की भूमि पर हरा चारा उगाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त वीवीजी राम जी योजना के अंतर्गत कैटल शेड का निर्माण कराने तथा वृहद गोवंश आश्रय स्थलों की क्षमता में वृद्धि करने के निर्देश भी दिए ।  गन्ना क्रय की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने दिए गए निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गन्ना क्रय की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में गन्ने का कुल रकबा 6,894.187 हेक्टेयर है तथा लगभग 50.81 लाख कुंतल गन्ना उत्पादन संभावित है। वर्तमान पेराई सत्र में जनपद सुलतानपुर के अंतर्गत आने वाली कुल 04 चीनी मिलों के सापेक्ष 01 चीनी मिल द्वारा दिनांक 15 नवम्बर 2026 तक 3,500 कुंतल गन्ने की खरीद की जा चुकी है ।  पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने, किसानों को फसल अवशेष न जलाने के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक निरोधात्मक एवं जागरूकता संबंधी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।    जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन एवं मुख्य सचिव महोदय द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करें। किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें तथा सभी विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी करते हुए अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।

कोई टिप्पणी नहीं