ब्रेकिंग न्यूज

योगी सरकार ने 50 हजार छात्र-छात्राओं को बांटे टैबलेट, डिजिटल शिक्षा से जुड़ेंगे प्रदेश के युवा


लखनऊ उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। टैबलेट पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। किसी के हाथ में नया टैबलेट था तो किसी की आंखों में बेहतर भविष्य के सपने नजर आए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।टैबलेट प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में प्रदेश का युवा लगातार आगे बढ़ रहा है। विद्यार्थियों का कहना था कि टैबलेट मिलने से उनकी पढ़ाई आसान होगी। वे ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल होने के साथ ही डिजिटल माध्यम से अध्ययन सामग्री प्राप्त कर सकेंगे। नई तकनीक से जुड़कर अपने ज्ञान, कौशल और शैक्षणिक क्षमता को भी विकसित कर पाएंगे।प्रदेश सरकार ने युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण के लिए 2,374.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। वर्ष 2021 में शुरू हुई स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत इस चरण का वितरण पूरा होने के बाद टैबलेट और स्मार्टफोन प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की कुल संख्या करीब 85 लाख हो जाएगी। यह योजना प्रदेश के युवाओं को डिजिटल शिक्षा और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।योजना के दायरे में उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, कृषि शिक्षा, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जुड़े विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा एमएसएमई, निर्यात प्रोत्साहन और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के पात्र विद्यार्थियों को भी योजना का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश में स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी भी इसके लाभार्थियों में शामिल हैं। योजना के लिए आय और आयु की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है।टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पाठ्यक्रम, डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर और वर्चुअल लैब जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों में रहने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के बेहतर अवसर मिलेंगे। वे घर बैठे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, ऑनलाइन प्रशिक्षण और विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों से जुड़ सकेंगे। डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री तक पहुंच बनाने में भी आसानी होगी।तकनीकी बदलाव के इस दौर में टैबलेट युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार भी खोलेंगे। डिजिटल उपकरणों के माध्यम से विद्यार्थी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे उभरते क्षेत्रों से जुड़े पाठ्यक्रमों तक पहुंच बना सकेंगे। इसके साथ ही कोडिंग, डिजिटल डिजाइन और डेटा विश्लेषण जैसे आधुनिक कौशल सीखने का अवसर भी मिलेगा। इससे युवाओं को भविष्य की रोजगारपरक जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करने में मदद मिलेगी।प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को सरकारी योजनाओं, रोजगार और प्रशिक्षण के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए युवा साथी पोर्टल भी संचालित किया जा रहा है। इस पोर्टल पर छात्रवृत्ति, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, व्यावसायिक प्रशिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं और कॅरिअर काउंसिलिंग से संबंधित जानकारियां उपलब्ध हैं। विद्यार्थी पोर्टल के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं