NSG और UP पुलिस के संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम का CM योगी ने किया शुभारंभ बोले- आतंकवाद के हर प्रयास का मुंहतोड़ जवाब दे रहा भारत
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स, लखनऊ में आयोजित NSG (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आतंकवाद और अन्य सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, सामरिक दक्षता और त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है। एनएसजी और उत्तर प्रदेश पुलिस का यह संयुक्त प्रशिक्षण अभियान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम के दौरान एनएसजी कमांडोज ने मॉक ड्रिल के माध्यम से अपने अदम्य साहस, सामरिक दक्षता और त्वरित कार्रवाई का शानदार प्रदर्शन किया। कमांडोज ने आतंकवादी हमले जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने और आतंकियों को निष्क्रिय करने का सफल अभ्यास प्रस्तुत किया। मॉक ड्रिल के जरिए सुरक्षा बलों ने यह प्रदर्शित किया कि किसी भी आतंकी चुनौती का सामना करने के लिए किस प्रकार सुनियोजित रणनीति, आपसी तालमेल और त्वरित निर्णय के साथ कार्रवाई की जाती है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज भारत ऐसे दौर में है, जहां देश ने अपनी सुरक्षा नीति की रेड लाइन स्वयं तय कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब किसी भी आतंकी घटना को बर्दाश्त नहीं करता, बल्कि हर नापाक कोशिश का मुंहतोड़ जवाब देता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक, वर्ष 2019 में बालाकोट एयर स्ट्राइक और वर्ष 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सेना ने दुनिया को भारत की सामरिक क्षमता और मजबूत इच्छाशक्ति का एहसास कराया है।उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि भारत की बदली हुई सुरक्षा रणनीति और राष्ट्रीय संकल्प के प्रतीक हैं। अब भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक दौर में आतंकवादी गतिविधियां डार्क वेब और क्रिप्टो वॉलेट जैसे माध्यमों का इस्तेमाल कर छिपने का प्रयास करती हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां भी तकनीक और आधुनिक संसाधनों के जरिए ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रख रही हैं। सीएम योगी ने संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यासों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एसपीओटी कमांडोज का एनएसजी, बीएसएफ और सीआईएसएफ के साथ 'अग्निपरीक्षा' ज्वाइंट काउंटर टेररिज्म ट्रेनिंग एक्सरसाइज तथा नेशनल ज्वाइंट काउंटर आईईडी एक्सरसाइज जैसे कार्यक्रम सुरक्षा बलों की क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण हैं। ऐसे अभ्यासों से कमांडोज को आतंकवादी हमलों, विस्फोटक उपकरणों और अन्य आपात स्थितियों से निपटने का व्यावहारिक अनुभव मिलता है। इससे विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होता है और किसी भी चुनौती के समय संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करना आसान होता है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने महिला सुरक्षा और जनविश्वास को पुलिसिंग के केंद्र में रखा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज 'लॉलेस लैंड' से 'लैंड ऑफ लॉ' बन चुका है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था ने देशभर में एक मॉडल के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एटीएस ने अपनी समर्पित महिला कमांडो टीम को एसपीओटी (स्पेशल पुलिस ऑपरेशंस टीम) का अभिन्न हिस्सा बनाया है। यह बदलते भारत की तस्वीर है, जहां बेटियां हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और सामर्थ्य का प्रदर्शन कर रही हैं। महिला कमांडो अब केवल सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि आतंकवाद और अन्य गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से सीधे मुकाबला करने में भी अपनी भूमिका निभा रही हैं। यह महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता का सशक्त उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की बेटियां किसी पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि हर चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं। महिला कमांडो की भागीदारी से सुरक्षा बलों की ताकत और कार्यक्षमता में वृद्धि हुई है। उन्होंने इसे नए भारत की शक्ति और महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास का प्रतीक बताया।सीएम ने उत्तर प्रदेश में आतंकवाद निरोधक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान में पूरे प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट्स तैनात हैं। वर्ष 2017 के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 10 नई फील्ड यूनिट्स स्थापित की गई हैं।इनमें इंडो-नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों, नक्सल प्रभावित जनपदों सोनभद्र, चंदौली और मीरजापुर के साथ-साथ आस्था एवं सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण अयोध्या, प्रयागराज, श्रावस्ती, बहराइच, सिद्धार्थनगर, संभल, नोएडा, लखनऊ, लखीमपुर खीरी और झांसी जैसे क्षेत्रों में एटीएस की तैनाती को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि इन इकाइयों के माध्यम से प्रदेश में आतंकवाद निरोधक गतिविधियों की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधनों से लैस किया जा रहा है। संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अपनी अर्थव्यवस्था का दायरा लगभग तीन गुना करने में सफलता प्राप्त की है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह प्रति व्यक्ति आय में भी लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है।उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश के विकास के लिए मजबूत कानून-व्यवस्था सबसे महत्वपूर्ण आधार होती है। सुरक्षित वातावरण में ही निवेश, उद्योग, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था के चलते विकास और निवेश की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश उत्तर प्रदेश पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर गर्व करता है। पुलिस बल को आधुनिक प्रशिक्षण और नई तकनीक से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। एनएसजी और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच यह संयुक्त क्षमता निर्माण कार्यक्रम सुरक्षा बलों को नई चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के प्रशिक्षण और संयुक्त अभ्यासों से प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा आतंकवाद, संगठित अपराध और अन्य सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में पुलिस बल की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।



कोई टिप्पणी नहीं