जनगणना-2027 के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने हेतु मीडिया कार्यशाला आयोजित
सुल्तानपुर जनगणना-2027 के द्वितीय चरण 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 के अंतर्गत स्वगणना (Self-Enumeration) के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) राकेश सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। डीएम ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक संचालित की जा रही है। इसके पश्चात 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। वहीं 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण संचालित किया जाएगा। कार्यशाला में Youth, Sports & Community Media Day की थीम के तहत मीडिया के माध्यम से स्वगणना के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को स्वगणना की प्रक्रिया से अवगत कराया गया तथा उनके द्वारा स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण कर आमजन को भी इसके लिए प्रेरित किया ।जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। मीडिया जनसामान्य तक सही एवं उपयोगी जानकारी पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से स्वगणना के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की।

कोई टिप्पणी नहीं