ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, पूर्वांचल में बारिश और वज्रपात का अलर्ट


लखनऊ यूपी में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवान की गति धीमी होने और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने के साथ ही प्रदेश के मौसम पर इसका प्रभाव दिखाई देने लगा है। एक ओर जहां प्रदेश में ठंड और कोहरे का असर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर पूर्वांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 22 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और वज्रपात की भी आशंका है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में सुबह के समय बेहद घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 23 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में धुंध और कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट वाले जिलों में सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, अंबेडकरनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, मऊ और बलिया शामिल हैं।मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 26 नवंबर तक सुबह और रात के समय धुंध तथा कोहरे का प्रभाव बना रह सकता है। खासकर पूर्वांचल के जिलों में सुबह के समय दृश्यता कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों को सुबह और देर रात घर से निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।कोहरे और कम दृश्यता को देखते हुए वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने, फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है। वहीं गरज-चमक और आकाशीय बिजली की आशंका के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की जरूरत है।

कोई टिप्पणी नहीं