ब्रेकिंग न्यूज

. विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह द्वारा दिए गए निर्देश के अनुपालन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश शासन के तत्वाधान में जिला विज्ञान क्लब  द्वारा महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रताप सिंह तथा विशिष्ट अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव, डॉ विनोद कुमार सिंह, सदस्य शिक्षा सेवा चयन बोर्ड एवं प्रबंधक महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज ने सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। प्रतिभागी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रताप सिंह ने विज्ञान तथा नवाचार के क्षेत्र में भारत के योगदान और प्रगति को बताते हुए सभी को नवाचार के लिए प्रेरित किया। डॉ विनोद कुमार सिंह ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, विज्ञान प्रयोगात्मक तथा विज्ञान मॉडल बनाने के महत्व को समझाया। विशिष्ट अतिथि जटाशंकर यादव ने चंद्रयान तथा मंगलयान के भारत के लक्ष्यों को समझाते हुए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। वैज्ञानिक व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए राजकीय महाविद्यालय मुसाफिरखाना अमेठी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ संदीप निगम ने भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां को बताते हुए बच्चों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान मॉडल की सराहना की और इसे बड़े आविष्कार का आधार बताया। जिला समन्वयक शैलेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि प्रथम पुरस्कार के रूप में₹5000, द्वितीय पुरस्कार के रूप में ₹3000, तृतीय पुरस्कार के रूप में ₹2000 तथा  ₹1000–1000 के दो सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को दिया जाएगा। प्रथम पुरस्कार सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय विवेकानंद नगर के छात्र सौरभ त्रिपाठी, द्वितीय पुरस्कार केएनआईसी करौंदिया के छात्र अभिषेक द्विवेदी तथा तृतीय पुरस्कार एसके प्रेसिडेंसी पब्लिक स्कूल के छात्र अहमद रजा को प्राप्त हुआ। इसी प्रकार एमजीएस के छात्र अंश दिनेश गुप्ता तथा राजकीय हाई स्कूल इस्माइलपुर के छात्र सत्यम को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ। विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता के निर्णायक असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ संदीप निगम तथा शिशिर श्रीवास्तव रहे। इस प्रतियोगिता में 350 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जिसमें जनपद के विभिन्न 25 माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। प्रतियोगिता में रविंद्र प्रताप सिंह पूर्व प्रधानाचार्य इंटर कॉलेज गौरा, सह समन्वयक राधेश्याम पांडे, चारुल गुप्ता, सुमन मौर्य, इंदू मौर्य, सुमन यादव, साधना त्रिपाठी, श्री शंकर आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य महेश सिंह ने किया, जिसमें प्रवक्ता अम्बरीश सिंह, राजेश कन्नौजिया, संदीप सिंह आदि ने विशेष योगदान दिया।

कोई टिप्पणी नहीं