अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार; चोरी की तीन बाइक बरामद
सुलतानपुर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
इनमें एक बुलेट मोटरसाइकिल भी शामिल है। जिसकी चोरी के संबंध में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज था।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली नगर पुलिस वाहन चोरी की घटनाओं की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी थी।पुलिस के मुताबिक, कोतवाली नगर थाने में बुलेट मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी।इसी दौरान शुक्रवार को पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोरी की घटना में शामिल अभियुक्त सौरमऊ पुल के नीचे मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन अभियुक्तों शिवम सरोज, सचिन और शहंशाह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल समेत कुल तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।बरामद वाहनों में बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूपी 44 एडब्ल्यू 3901, हीरो एचएफ डीलक्स संख्या यूपी 44 एवाई 8681 और हीरो पैशन प्रो संख्या यूपी 44 एन 1926 शामिल हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा की बढ़ोतरी की है।गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवम सरोज पुत्र छेदीलाल निवासी पूरेवान विक्रमपुर, थाना कोतवाली देहात प्रतापगढ़ सचिन पुत्र आनंद निवासी लाला का पुरवा, थाना सोरांव, जनपद प्रयागराज, हाल पता पसियापुर, थाना जेठवारा, जनपद प्रतापगढ़ तथा शहंशाह पुत्र मोइनुद्दीन निवासी पुराना फाफामऊ, जनपद प्रयागराज शामिल हैं।पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
कोई टिप्पणी नहीं