ब्रेकिंग न्यूज

सपा सरकार में परिवारवाद और भ्रष्टाचार का बोलबाला था: सीएम योगी

 


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का नौजवान विपक्ष से सवाल पूछ रहा है कि जब आपकी सरकार थी, तब आपने युवाओं के लिए क्या किया था और अब सत्ता में आने पर क्या करेंगे? सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान एक बीमारू राज्य के रूप में होती थी। उस समय प्रदेश के नौजवान रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर थे।किसान आत्महत्या कर रहे थे और बेटियों की सुरक्षा भी गंभीर चिंता का विषय थी। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में प्रदेश की भर्ती प्रक्रिया से लेकर विकास योजनाओं तक परिवारवाद और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। सरकारी नौकरियों में योग्य युवाओं को अवसर मिलने के बजाय राजनीतिक संरक्षण और सिफारिशों को प्राथमिकता दी जाती थी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि चाचा-भतीजे की जोड़ी के दौर में भ्रष्टाचार हावी था और जनता के हितों की अनदेखी की जाती थी। पहले सैफई नौकरी खा जाता था, जबकि आज प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था के तहत बिना भेदभाव के योग्य युवाओं को सरकारी नौकरी मिल रही है। सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर थी। कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी और प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन गुंडा’ जैसा माहौल बना हुआ था। उस समय बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में भय का वातावरण था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘देख सपाई बिटिया घबराई।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही प्रदेश में भयमुक्त वातावरण बनाने का काम किया है। सीएम योगी ने पिछली सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके पास प्रदेश के विकास को लेकर कोई स्पष्ट विजन नहीं था। विकास कार्यों के लिए आने वाले धन का भी सही इस्तेमाल नहीं होता था। उन्होंने आरोप लगाया कि चाचा-भतीजे की जोड़ी विकास के नाम पर आने वाले पैसे की लूट में लगी रहती थी। इसके विपरीत आज प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी, आधारभूत ढांचे और विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। बेहतर सड़क नेटवर्क प्रदेश की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति का आधार बन रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही विकास के नए रास्ते खोल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट नहीं है। प्रदेश की बदली हुई छवि और बेहतर माहौल के कारण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योग्य युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराना और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और मेहनत से उत्तर प्रदेश विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं