ब्रेकिंग न्यूज

मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अधिकारियों ने किया मतदेय स्थलों का निरीक्षण


सुल्तानपुर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत शनिवार को जनपद की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं मतदान कर्मियों द्वारा मतदाताओं से संवाद स्थापित करते हुए मतदाता सूची के सत्यापन एवं अद्यतन की कार्यवाही की गई।विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने विधानसभा 188-सुलतानपुर अन्तर्गत नगर पालिका परिषद स्थित बूथ संख्या 275, 276 (शाहगंज, पलटन बाजार) का निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने संबंधित बीएलओ से विशेष अभियान दिवस के अंतर्गत मतदाता सूची में जोड़े गए नए मतदाताओं की जानकारी प्राप्त की तथा पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्देशित किया कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किया जाए तथा पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए।इसी प्रकार सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) द्वारा भी विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर अभियान के अंतर्गत की जा रही कार्यवाही एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया । अधिकारियों द्वारा संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराते हुए सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाना सुनिश्चित करें।अभियान के दौरान बीएलओ एवं मतदान कर्मियों द्वारा पात्र नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने, मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों की त्रुटियों में सुधार करने तथा मृतक एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं से संबंधित नियमानुसार विलोपन की प्रक्रिया पूर्ण की गई। साथ ही मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण जांचने तथा आवश्यकतानुसार निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन करने के लिए जागरूक किया ।जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले सभी दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

कोई टिप्पणी नहीं