UP में चुनावी तैयारी तेज, BJP ने सांसदों-विधायकों को सौंपी 50-50 चौपालों की जिम्मेदारी
लखनऊ प्रदेश में तेजी से बदलते सियासी घटनाक्रम के बीच BJP ने आगामी चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब गांव-गांव तक संगठन की पकड़ मजबूत करने और मतदाताओं के बीच अपनी पैठ बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी क्रम में सांसदों और विधायकों को आगामी 5 दिसंबर तक 50-50 चौपाल आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन चौपालों के माध्यम से पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने और अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। पूरी मुहिम की निगरानी पार्टी मुख्यालय स्तर से की जा रही है।पार्टी सूत्रों के मुताबिक चौपालों के आयोजन को लेकर भाजपा नेतृत्व काफी गंभीर है। यही वजह है कि इसकी जिम्मेदारी सीधे सांसदों और विधायकों को सौंपी गई है। इस अभियान के जरिए न केवल गांवों में पार्टी की सक्रियता बढ़ाई जाएगी, बल्कि जनप्रतिनिधियों के क्षेत्रीय प्रभाव और संगठनात्मक क्षमता का भी आकलन किया जाएगा। चौपालों में उनकी भागीदारी, जनता से संवाद और कार्यक्रमों की सफलता के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस रिपोर्ट का असर आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण पर भी पड़ सकता है। जिन क्षेत्रों में जनप्रतिनिधि अभियान को लेकर लापरवाही बरतेंगे, वहां मौजूदा विधायकों की दावेदारी कमजोर हो सकती है। ऐसे में कुछ सिटिंग विधायकों के टिकट कटने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।पार्टी के वरिष्ठ नेता भी विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर चौपालों की स्थिति का जायजा ले सकते हैं। अभियान पूरा होने के बाद इसकी विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी। इसके आधार पर आगे की चुनावी रणनीति तैयार होगी। चौपालों के बाद भाजपा के बड़े नेता भी चुनाव प्रचार अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।भाजपा का चुनावी नारा ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ अब राजधानी से निकलकर जिलों तक पहुंचने लगा है। लखनऊ में इस नारे को लेकर जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह की तस्वीर भी शामिल है, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि ये पोस्टर भाजपा नेता धनेश अग्रवाल की ओर से लगवाए गए हैं। गौरतलब है कि बीते दिनों मथुरा में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में आगामी चुनाव के मद्देनजर इस नारे को सामने लाया गया था। अब इसे जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।फिलहाल भाजपा नेतृत्व ने टिकट वितरण को लेकर औपचारिक मंथन शुरू नहीं किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पहले चौपाल अभियान पूरा कराया जाएगा और उसके बाद तैयार रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी। इसी के आधार पर टिकटों को लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही सहयोगी दलों के साथ भी बातचीत का दौर शुरू होगा। गठबंधन के सहयोगी दलों को दी जाने वाली सीटों को लेकर आपसी सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी, ताकि चुनाव से पहले सीटों का बंटवारा तय किया जा सके।दूसरी ओर भाजपा ने समाजवादी पार्टी (सपा) के चुनावी घोषणा पत्र को लेकर भी राजनीतिक जवाबी अभियान चलाने की तैयारी की है। पार्टी सभी जिलों में इसके लिए विशेष रणनीति बनाएगी। भाजपा कार्यकर्ता और नेता जनता के बीच पहुंचकर सपा के वादों पर सवाल उठाएंगे। लोगों को यह बताने की कोशिश की जाएगी कि सपा के घोषणा पत्र में किए गए वादे पूरे होने की संभावना नहीं है और ये महज मतदाताओं को गुमराह करने के लिए किए गए हैं।इसके अलावा भाजपा सपा सरकार के कार्यकाल में हुए कथित घपले-घोटालों और उस दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति को भी मुद्दा बनाएगी। पार्टी की कोशिश होगी कि इन मुद्दों के जरिए जनता के बीच सपा को घेरा जाए और अपने पक्ष में राजनीतिक माहौल तैयार किया जाए। कुल मिलाकर भाजपा ने चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर पर धार देना शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में चौपाल अभियान, जनसंपर्क और विपक्षी दलों के खिलाफ राजनीतिक प्रचार अभियान के जरिए चुनावी माहौल और तेज होने के आसार हैं।

कोई टिप्पणी नहीं