ब्रेकिंग न्यूज

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर सीएम योगी की सांसदों से समर्थन की अपील, बोले- 2029 के चुनाव में लागू करने का रास्ता करें साफ


लखनऊ यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार की ओर से संसद के दोनों सदनों में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को दोबारा लाने की तैयारी के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के सभी 80 लोकसभा सांसदों से इसका समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं को संसद और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने का रास्ता इससे आसान होगा।शनिवार की सुबह बलरामपुर में सीएम योगी  ने केंद्र सरकार की कैबिनेट द्वारा परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संसद पहले ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कर चुकी है। अब इसे 2029 में लागू करने की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता तैयार किया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने में सहायक होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य देश की आधी आबादी को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित कराना है।सीएम योगी ने परिसीमन विधेयक की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें नए परिसीमन को लेकर दक्षिणी राज्यों की ओर से उठाई गई चिंताओं को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित व्यवस्था में 2011 की जनगणना के आधार पर प्रत्येक राज्य में मौजूदा सीटों की संख्या को आधार बनाते हुए सीटों में बढ़ोतरी किए जाने का प्रावधान है। इसके तहत मौजूदा ढांचे के भीतर ही लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि की व्यवस्था बताई गई है।उन्होंने कहा कि इस प्रावधान से राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व को लेकर उठने वाली आशंकाओं का समाधान करने का प्रयास किया गया है। साथ ही महिलाओं को राजनीतिक और विधायी व्यवस्था में अधिक भागीदारी देने का अवसर मिलेगा। सीएम योगी ने कहा कि चुनाव आयोग के माध्यम से रोटेशनल आधार पर शुरुआती 15 वर्षों के लिए महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा। उन्होंने इसे देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।सीएम योगी ने कहा कि सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों में बदलाव किए बिना संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। निर्धारित समयसीमा के भीतर इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना सराहनीय है। सीएम योगी ने यूपी के सभी लोकसभा सांसदों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांसद इस विधेयक के पक्ष में अपना समर्थन देकर 2029 के लोकसभा चुनाव में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में सहयोग करें।उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना खुशहाल भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। यह अवसर देश की आधी आबादी को निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक हिस्सेदारी देने का माध्यम बन सकता है।दूसरी ओर, संसद के विशेष सत्र से पहले महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने परिसीमन का विरोध करते हुए कहा कि परिसीमन देश के हित में नहीं है और उनकी पार्टी इसका विरोध करेगी।वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि उनकी पार्टी यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि व्यवस्था में बेहतर सुधार हो। विपक्षी सांसदों के इन बयानों से स्पष्ट है कि महिला आरक्षण के साथ परिसीमन के मुद्दे पर संसद में राजनीतिक दलों के बीच चर्चा और मतभेद देखने को मिल सकते हैं।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा परिसीमन समय-समय पर होता रहता है। देश की जनसंख्या के अनुसार परिसीमन होना बहुत जरूरी है। क्योंकि बहुत से लोकसभा क्षेत्र बहुत बड़े हो चुके हैं। साथ ही साथ जो 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लाया जा रहा है, उन महिलाओं को भी उचित सम्मान और सीट मिले, उसी के नाते ये परिसीमन हो रहा है। मैं देश के सभी सांसदों से अपील करूंगा कि आएं।परिसीमन बिल में हमारे साथ खड़े हों। आधी आबादी को भी कहीं न कहीं स्थान मिले, इसके लिए हमारा साथ देना चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं