मतदाता सूची त्रुटिरहित बनाने के निर्देश-डीएम
सुल्तानपुर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्य को प्रभावी, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रत्नप्रिया की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी (एईआरओ) एवं संबंधित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूची की स्थिति की समीक्षा करते हुए जेंडर रेशियो, थर्ड जेंडर, ईपी रेशियो तथा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नवयुवा मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी ईआरओ को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ की मतदाता सूची का गहन विश्लेषण करें तथा उसमें पाई जाने वाली त्रुटियों को चिह्नित कर उनका समयबद्ध सुधार सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल नए मतदाताओं को जोड़ना ही नहीं, बल्कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना भी है।जिलाधिकारी ने बूथवार प्रतिदिन भरे जा रहे प्रपत्रों की संख्या एवं निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की। जिन बूथों पर लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रपत्र भरे जा रहे हैं, वहां संबंधित अधिकारियों से कारणों की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशित किया कि बीएलओ, ग्राम प्रधान, कोटेदार एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के सहयोग से डोर-टू-डोर अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क किया जाए और प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी एडीओ पंचायत को निर्देशित किया कि ग्राम प्रधानों को सक्रिय एवं प्रेरित करते हुए गांवों में छूटे हुए पात्र मतदाताओं को चिह्नित कर उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की कार्रवाई सुनिश्चित कराएं। विशेष रूप से सेना में कार्यरत जवानों एवं पूर्व सैनिकों, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हो सका है, को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों/नोडल अधिकारियों को उनके आवंटित बूथों पर मतदाता पंजीकरण की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को निर्देशित किया कि विशेष प्रयास कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र दिव्यांग मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जनपद के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को आयोजित होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान दिवस को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी गंभीरता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपना शत-प्रतिशत योगदान दें, अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कराएं तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

कोई टिप्पणी नहीं