कुड़वार ब्लाक मोड़ के पास सड़क पर गिरा आम का विशाल पेड़, मची अफरा-तफरी, ठेला और बाइक क्षतिग्रस्त
सुल्तानपुर कुड़वार ब्लाक मोड़ के पास गुरुवार को अचानक एक हरा आम का पेड़ भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए इस हादसे की चपेट में आने से चार लोग चोटिल हो गए, जबकि एक ठेला और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कुड़वार ब्लाक मोड़ के पास सड़क पर लोगों का आवागमन जारी था। इसी दौरान अचानक आम का हरा पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा।
पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते सड़क पर पेड़ की डालियां फैल गईं, जिससे आवागमन बाधित हो गया। इस दौरान वहां मौजूद एक ठेला और मोटरसाइकिल भी पेड़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे में बांसी निवासी सचिन पुत्र हरिवंश विश्वकर्मा तथा अलीगंज निवासी विनय तिवारी पुत्र राजेश के हाथ में चोट आई। वहीं, कुड़वार बाजार निवासी ठेला व्यवसायी सुभाष चंद्र पुत्र ओमप्रकाश और भंडरा के लाला का पुरवा निवासी मोहम्मद आलम पुत्र अयूब भी हादसे की चपेट में आ गए। घटना में मोटरसाइकिल संख्या यूपी 44 एके 8772 भी क्षतिग्रस्त हो गई।घटना की सूचना मिलते ही कुड़वार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। चोटिल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाने की कार्रवाई कर आवागमन बहाल कराया गया।अचानक पेड़ गिरने से कुछ देर तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस की सक्रियता से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा कराया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यदि पेड़ गिरने के समय सड़क पर अधिक भीड़ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।


कोई टिप्पणी नहीं