ब्रेकिंग न्यूज

कोहरे में सड़क हादसे रोकने के लिए डीएम ने दिए निर्देश


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान गत माह आयोजित बैठक के कार्यवृत्त को सड़क परिवहन तथा पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में कोहरे के दृष्टिगत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के संबंध में प्रमुख सचिव, गृह, उ0प्र0 शासन की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता पर पूर्ण कराए जाएं। सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई, रोड मार्किंग एवं पेंटिंग, सफेद पट्टियों, जेब्रा क्रॉसिंग, कैट्स आई, रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी संकेतकों को दुरुस्त कराया जाए। दुर्घटना संभावित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप्स एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।  उन्होंने कोहरे के कारण बढ़ने वाली दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए संवेदनशील मार्गों पर वाहनों की गति सीमा का कड़ाई से अनुपालन कराने, स्पीड रडार एवं इंटरसेप्टर के माध्यम से निगरानी बढ़ाने तथा नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, डंपर, ई-रिक्शा एवं स्कूली वाहनों सहित अन्य वाहनों पर मानक के अनुसार रिफ्लेक्टिव टेप एवं फॉग लाइट लगवाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करने के निर्देश एआरटीओ एवं यातायात पुलिस को दिए।    जिलाधिकारी  ने हाईवे एवं एक्सप्रेसवे के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाने तथा सड़क की पटरियों से अतिक्रमण एवं निर्माण सामग्री हटवाने के निर्देश दिए। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सभी कटों की जांच कराने, खराब लाइटों को ठीक कराने तथा सड़कों की मरम्मत, रोड मार्किंग एवं साइनेज संबंधी कार्य समय से पूर्ण कराने को कहा। साथ ही पुलिस पीआरवी-112 एवं हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को सक्रिय रखने तथा टोल प्लाजा एवं प्रमुख स्थानों पर एम्बुलेंस और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। उन्होंने टोल प्लाजा एवं प्रमुख चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम और डिजिटल बोर्ड के माध्यम से वाहन चालकों को कोहरे में धीमी गति से वाहन चलाने, फॉग लाइट एवं इंडिकेटर का प्रयोग करने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, यूपीडा एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी कमियों को प्राथमिकता पर दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय एवं पूरी गंभीरता से कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करें। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं