एक्यूप्रेशर पद्धति को मिलेगी उचित मान्यता, चिकित्सा शिक्षा से जोड़ने के होंगे प्रयास: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति मानव कल्याण और जनस्वास्थ्य से जुड़ी एक उपयोगी विधा है। इसे उचित मान्यता दिलाने और चिकित्सा शिक्षा से जोड़ने की दिशा में गंभीरता से प्रयास किए जाने चाहिए। इस क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं को प्रोत्साहित कर एक्यूप्रेशर पद्धति को संस्थागत स्वरूप प्रदान करने की आवश्यकता है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। साथ ही इस क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकेंगे।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज स्थित एम.पी. खेमका कॉलेज में आयोजित 28वें राष्ट्रीय एवं चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन तथा सुपर एडवांस प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग उपचार का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में इस विधा को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने और इसकी संभावनाओं का विस्तार करने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति को सरकार के स्तर पर उचित स्थान और मान्यता मिलने से इस क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों का उत्साह बढ़ेगा। इसके लिए डिप्लोमा एवं डिग्री पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की दिशा में प्रयास होने चाहिए, ताकि प्रशिक्षित विशेषज्ञ तैयार किए जा सकें। संस्था के पदाधिकारियों से उन्होंने आवश्यक दस्तावेज एवं औपचारिकताएं पूरी करने को कहा। आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से इस दिशा में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विषय किसी व्यक्तिगत स्वार्थ से नहीं, बल्कि मानव कल्याण और जनसेवा की भावना से जुड़ा हुआ है।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इसी प्रकार एक्यूप्रेशर पद्धति को भी व्यापक पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और जनकल्याण से जुड़ी विधाओं को विश्व स्तर तक पहुंचाने की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत है कि इन विधाओं को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जाए और इनके प्रति लोगों में जागरूकता पैदा की जाए।उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करोड़ों गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ ऐसी उपयोगी चिकित्सा विधाओं के विकास, प्रशिक्षण और प्रचार-प्रसार पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। एक्यूप्रेशर के क्षेत्र का विस्तार होने से लोगों को उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही हजारों लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित हो सकते हैं।श्री मौर्य ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कार्य करने वाले लोगों सहित चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों, मीडिया कर्मियों और अन्य व्यस्त लोगों के लिए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है। केवल स्वस्थ रहने की बात करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसे अपने जीवन में भी अपनाना चाहिए। उन्होंने संस्था से जुड़े सभी लोगों से समर्पण, सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ एक्यूप्रेशर पद्धति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।प्रयागराज में संचालित संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां स्थापित केंद्र को और व्यापक स्वरूप देने के लिए सभी लोग मिलकर योजना तैयार करें। प्रयागराज की धरती से इस विधा के विस्तार का ऐसा मार्ग प्रशस्त होना चाहिए, जिसका लाभ देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लोगों को भी मिल सके। भारत की वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना के अनुरूप मानवता की सेवा से जुड़े इस कार्य को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए।उन्होंने सम्मेलन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से किया गया कार्य निश्चित रूप से समाज के लिए उपयोगी सिद्ध होता है। प्रदेश सरकार प्रत्येक अच्छे और जनकल्याणकारी कार्य में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजेश कुमार, एक्यूप्रेशर शोध, प्रशिक्षण एवं उपचार संस्थान के अध्यक्ष प्रो. जेपी अग्रवाल, एसके गोयल, संजय गुप्ता, निर्मला पासवान, विधायक दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, एके द्विवेदी, सुशील खरबंदा, सूर्य प्रकाश केसरवानी, मनमोहन फूल, डॉ. प्रकाश खेतान, विक्रम भदौरिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सम्मेलन में देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया।

कोई टिप्पणी नहीं