किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए डीएम की अध्यक्षता में आयोजित हुआ किसान दिवस
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता व अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) की उपस्थिति में किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण तथा शासन की कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान किसानों ने मुख्य रूप से धान खरीद, खाद की उपलब्धता एवं वितरण, धान खरीद केंद्रों पर नमी के मानक, राजस्व एवं विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा।
जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में डीएपी, यूरिया, एनपीके सहित सभी प्रकार की उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। खाद वितरण में आ रही समस्याओं के संबंध में किसानों द्वारा बताए गए केंद्रों की जांच के लिए तत्काल पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। उक्त टीम संबंधित केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था की जांच करेगी तथा अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। धान खरीद के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। धान खरीद में नमी के मानकों को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जा रही है। साथ ही, धान खरीद केंद्रों की संख्या में वृद्धि के लिए तीन अतिरिक्त केंद्रों का प्रस्ताव भी संबंधित स्तर पर संस्तुति सहित भेजा गया है, ताकि किसानों को धान विक्रय में सुविधा मिल सके। क्रय केन्द्रों पर लोड की समस्या को लेकर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करते हुये उसे कल तक ठीक करायें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत सत्य पाए जाने पर संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी अथवा समिति के विरुद्ध तत्काल आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त किसानों द्वारा उठाए गए राजस्व विभाग से संबंधित धारा-24 के प्रकरणों को भी संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि धारा-24 के प्रकरणों की माह में एक बार मॉनिटरिंग अवश्य की जाये। चेयर मैन चीनी मिल द्वारा चीनी मील पर तौल आदि की समस्या के संबंध में मुद्दा उठाया तो जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि चीनी मिल के अधिकारी व जिला गन्ना अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण का समस्या का समाधान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होनें निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी किसानों की शिकायतों को संवेदनशीलता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त कृषक बन्धुओं से अपील की कि वे अपने खेतों पराली न जलाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं अपनी स्व-गणना अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश एवं समाज के विकास की योजनाओं, नीतियों तथा संसाधनों के उचित नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषक बंधु उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं