ब्रेकिंग न्यूज

यातायात माह में सुल्तानपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 डग्गामार वाहन सीज


 सुलतानपुर यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर अवैध रूप से सवारी ढोने वाले डग्गामार वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। यातायात माह के तहत मंगलवार को यातायात पुलिस एवं कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने अमहट और पयागीपुर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की।

इस दौरान बिना परमिट सवारी ढोते पाए गए कुल 16 वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 1 लाख 83 हजार रुपये का शमन शुल्क आरोपित किया गया।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नगर एवं क्षेत्राधिकारी यातायात द्वारा की गई। संयुक्त पुलिस टीम ने अमहट और पयागीपुर क्षेत्र में संचालित हो रहे वाहनों की जांच-पड़ताल की। इस दौरान ऐसे वाहनों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया, जो आवश्यक परमिट के बिना ही सड़कों पर सवारियां बैठाकर परिवहन कर रहे थे।जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से सवारी ढोने वाले 16 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया गया। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर 1,83,000 रुपये का शमन शुल्क भी आरोपित किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों के चालकों में हड़कंप मचा रहा।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यातायात माह का मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा सड़कों पर सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करना है। बिना परमिट सवारी ढोने वाले वाहन न केवल परिवहन नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध रूप से संचालित वाहनों, डग्गामारी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और वैध दस्तावेजों एवं परमिट के साथ ही वाहनों का संचालन करें, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं