किशोरियों को माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति किया जाएगा जागरूक, स्कूलों में निःशुल्क मिलेंगे सैनिटरी नैपकिन
लखनऊ किशोरियों के माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और उन्हें वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक स्वास्थ्य शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को एनेक्सी भवन, लखनऊ में राज्य स्तरीय माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी. हेकाली झिमोमी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में किशोरियों के स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण और जागरूकता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर किशोरियों के लिए माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी सुविधाओं को प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें इसके वैज्ञानिक पहलुओं की सही जानकारी देना भी आवश्यक है।प्रमुख सचिव ने हेल्थ एजुकेशन को विद्यालयों की नियमित गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को उनकी आयु के अनुरूप माहवारी स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में वैज्ञानिक और व्यवहारिक जानकारी दी जानी चाहिए। इसके लिए विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य शिक्षा सत्र आयोजित किए जाएं, ताकि किशोरियां बिना किसी संकोच के अपनी समस्याओं को समझ सकें और जरूरत पड़ने पर उचित परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।उन्होंने निर्देश दिया कि किशोरियों को माहवारी शुरू होने से पहले ही इससे संबंधित जरूरी जानकारी और जागरूकता उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाए, जिससे माहवारी शुरू होने पर किशोरियां घबराहट या असमंजस की स्थिति में न रहें और स्वच्छता संबंधी उचित व्यवहार अपना सकें।बैठक में आयोजित किए जाने वाले स्वास्थ्य शिक्षा सत्रों के विषयों पर भी चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने कहा कि इन सत्रों में माहवारी चक्र, सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी व्यवहार, संतुलित पोषण, एनीमिया की रोकथाम तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाओं और परामर्श की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल किए जाएं। किशोरियों को यह जानकारी दी जाए कि माहवारी के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखना, पौष्टिक आहार लेना और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर उचित सलाह प्राप्त करना क्यों जरूरी है।उन्होंने माहवारी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों, मिथकों और संकोच को दूर करने के लिए विद्यालयों के साथ-साथ सामुदायिक स्तर पर भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक किशोरियों और उनके परिवारों तक सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाई जा सके।बैठक में माहवारी स्वच्छता उत्पादों के उपयोग के साथ उनके सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रमुख सचिव ने नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में माहवारी अपशिष्ट के उचित प्रबंधन तथा सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सैनिटरी नैपकिन सहित अन्य माहवारी स्वच्छता उत्पादों के इस्तेमाल के बाद उनके निस्तारण की उचित व्यवस्था होना भी जरूरी है, ताकि पर्यावरण एवं सार्वजनिक स्वच्छता पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।प्रमुख सचिव ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने स्तर पर जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करते हुए बेहतर समन्वय स्थापित करें। किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही जागरूकता, पोषण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पहलुओं पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाए।बैठक में मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, महानिदेशक परिवार कल्याण तथा महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सहित बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, नगर विकास, नमामि गंगे, श्रम, अल्पसंख्यक कल्याण एवं समाज कल्याण विभाग के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा न्यूट्रिशन इंटरनेशनल के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहे।बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के माध्यम से किशोरियों के माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने, विद्यालय स्तर पर वैज्ञानिक स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देने और सुरक्षित माहवारी व्यवहार के प्रति जागरूकता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं