शिक्षक दंपती की हत्या के बाद कुंभी डडिया पहुंचे डीएम परिजनों से मिलकर जताई संवेदना; विद्यालय संचालन व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
सुलतानपुर जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने शनिवार को कुंभी डडिया गांव तहसील कादीपुर में 29 सितंबर को शिक्षक दंपति मुकेश सिंह एवं विनीता सिंह की हत्या की घटना के उपरान्त उनके आवास पर परिजनों, महाराजी शिक्षण संस्थान के शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने उनके पुत्र जय सिंह, दोनों भाइयों एवं माता से वार्ता कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा उनकी समस्याओं को सुनकर हरसंभव सहयोग एवं सुरक्षा का आश्वासन दिया । जिलाधिकारी ने शिक्षक दंपति द्वारा संचालित महाराजी शिक्षण संस्थान विद्यालय पहुंचकर विद्यालय के शिक्षकों, अध्ययनरत बच्चों के अभिभावकों तथा ग्रामवासियों से भी वार्ता की । इस दौरान शिक्षकों एवं अभिभावकों द्वारा विद्यालय के भविष्य में संचालन को लेकर अपनी चिंताएं जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने शिक्षकों एवं अभिभावकों को आश्वस्त किया कि विद्यालय का संचालन सुचारू रूप से जारी रखने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने मौके पर उपस्थित जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय को भविष्य में बेहतर एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाने के संबंध में कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर एवं ग्राम में आवश्यकता के अनुसार सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने हेतु कार्ययोजना तैयार कर लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी कादीपुर को विद्यालय एवं ग्राम की सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने ग्राम में आवश्यकता के अनुसार सर्च लाइट लगाए जाने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय के संचालन, सुरक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कोई टिप्पणी नहीं