ब्रेकिंग न्यूज

घटनास्थल से पोस्टमार्टम तक परिजनों के साथ खड़े रहे डीएम, पार्थिव शरीर देवरिया रवाना


सुलतानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह हलियापुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 79.6 के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मृत चार लोगों के पार्थिव शरीर का पुलिस एवं चिकित्सकों की टीम ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद जिला प्रशासन ने पूरी संवेदनशीलता के साथ मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया। घटनास्थल से लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने तक जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह स्वयं मौके की स्थिति पर नजर बनाए रहे और शोक संतप्त परिजनों को लगातार ढांढस बंधाते रहे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय हुईं। घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई के बाद मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। यहां पुलिस की आवश्यक कार्रवाई और चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से परिजनों की सुविधा और उनकी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा गया।पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद डीएम की उपस्थिति में पोस्टमार्टम हाउस, सुलतानपुर से मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह जनपद देवरिया स्थित निज निवास रुद्रपुर भेजने की व्यवस्था की गई। डोगरा रेजिमेंट, अयोध्या की ओर से दो एंबुलेंस तथा जिला प्रशासन की ओर से एक एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई। इन एंबुलेंसों के माध्यम से सभी पार्थिव शरीरों को उनके पैतृक निवास रुद्रपुर, जनपद देवरिया के लिए रवाना किया ।

इस दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दुःख की इस घड़ी में प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ा है और पार्थिव शरीर को उनके गृह जनपद तक पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एंबुलेंस के साथ हलियापुर पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम भी सीमा तक जाए, ताकि परिजनों को रास्ते में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। प्रशासनिक टीम को निर्देशित किया गया कि पार्थिव शरीर को सुरक्षित रूप से उनके गृह जनपद तक पहुंचाने और आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने में पूरी तत्परता बरती जाए।हादसे के बाद से ही जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई। जिलाधिकारी द्वारा घटनास्थल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस और पार्थिव शरीरों को रवाना किए जाने तक की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी गई। उनकी मौजूदगी और परिजनों के प्रति संवेदनशील रवैये से प्रशासन की मानवीय भूमिका भी सामने आई।गौरतलब है कि रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हलियापुर थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 79.6 के पास एंबुलेंस और ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और मृतकों की पहचान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी कराई। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने पर पार्थिव शरीरों को उनके गृह जनपद देवरिया के लिए रवाना कर दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं