ब्रेकिंग न्यूज

अनाथ हुईं चार बहनें तो डीएम ने बढ़ाया मदद का हाथ, पुनर्वास से शिक्षा तक की जिम्मेदारी


सुलतानपुर विगत दिनों हुए दर्दनाक बस हादसे में माता-पिता और बड़े भाई को खोने के बाद अनाथ हुई चार बहनों के परिवार की मदद के लिए जिला प्रशासन ने संवेदनशील पहल की है। शनिवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ग्राम अलीपुर, तहसील कादीपुर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर चारों बहनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार के पुनर्वास, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सहायता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।माता-पिता और बड़े भाई की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद परिवार में अब चार बहनें ही शेष हैं। इनमें बड़ी बहन शिवांगी गुप्ता बालिग हैं, जबकि तीन अन्य बहनें नाबालिग हैं। डीएम ने चारों बहनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली तथा उन्हें प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।परिवार के पुनर्वास को प्राथमिकता देते हुए डीएम ने चारों बहनों को 230 वर्गमीटर भूमि का आवासीय पट्टा आवंटन प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन द्वारा संचालित सभी पात्र जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ परिवार को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि बच्चियों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके। एसडीएम कादीपुर ने डीएम को अवगत कराया कि राजस्व विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत चारों बहनों को दो आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। इसके तहत पांच-पांच लाख रुपये की दो सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।मौसमी चक्रवात के कारण मकान गिरने से हुई पूर्ण क्षति के मामले में भी प्रशासन ने राहत सहायता की प्रक्रिया पूरी कर ली है। डीएम ने बताया कि आपदा राहत के अंतर्गत 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि दिए जाने संबंधी पत्रावली पर कार्रवाई पूरी हो चुकी है। उन्होंने एसडीएम कादीपुर को उक्त धनराशि भी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पात्र तीन नाबालिग बहनों को शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं के लिए प्रत्येक को 2,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई है। जिला प्रोबेशन अधिकारी  द्वारा पत्रावली शासन को भेजी जा चुकी है और जल्द ही उन्हें यह सहायता मिलने लगेगी।मुलाकात के दौरान चारों बहनों ने डीएम को घर में विद्युत कनेक्शन न होने की समस्या बताई। डीएम ने तत्काल संबंधित अधिकारी को मौके पर बुलाकर विद्युत कनेक्शन कराने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश के बाद संबंधित अधिकारी ने तत्काल मौके पर ही विद्युत कनेक्शन कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। डीएम इंद्रजीत सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार को शीघ्र ही जनता दर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट बुलाया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में परिवार की पात्रता के अनुसार शासन की अनुमन्य योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सहायता से संबंधित सभी प्रक्रियाएं प्राथमिकता पर पूरी की जाएं। डीएम की इस पहल से हादसे में अपने माता-पिता और बड़े भाई को खो चुकी चारों बहनों को प्रशासनिक सहायता और संरक्षण का भरोसा मिला है।

कोई टिप्पणी नहीं