सुल्तानपुर लोरपुर गोलीकांड का वांछित बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
सुलतानपुर थाना अखण्डनगर क्षेत्र के लोरपुर गोलीकांड में वांछित चल रहे 24 वर्षीय अभियुक्त मुकेश वर्मा उर्फ मुन्ना को अखण्डनगर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक कुंदाभैरोपुर सर्विस लेन के पास रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की वांछित अभियुक्त से मुठभेड़ हो गई।
जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसके कब्जे से अवैध देशी तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार थाना अखण्डनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी मुकदमे में गोदलपुर, थाना मोतिगरपुर निवासी मुकेश वर्मा उर्फ मुन्ना पुत्र स्वर्गीय शिवमंगल वर्मा वांछित चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चला रही थी।बताया गया कि 08 अक्टूबर की रात थाना अखण्डनगर पुलिस टीम रात्रि गश्त के साथ संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को वांछित अभियुक्त मुकेश वर्मा उर्फ मुन्ना मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया।
पुलिस टीम को देखकर वह मोटरसाइकिल तेज गति से भगाने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो अभियुक्त ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जानलेवा फायर कर दिया।पुलिस के मुताबिक अपनी सुरक्षा और आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अवैध देशी तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।मुठभेड़ में घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ की घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा रात्रि गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान लोरपुर गोलीकांड का वांछित अभियुक्त पुलिस के सामने आया और भागने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के कब्जे से तमंचा, कारतूस एवं मोटरसाइकिल बरामद हुई है।


कोई टिप्पणी नहीं