दुर्गा पूजा समितियों के साथ कुड़वार पुलिस की बैठक 97 स्थानों पर स्थापित होंगी दुर्गा प्रतिमाएं, डीजे की तेज आवाज पर होगी कार्रवाई
सुल्तानपुर नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कुड़वार पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों, डीजे संचालकों एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस ने पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, ध्वनि प्रदूषण, अग्नि सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।थाना प्रभारी ने बताया कि इस वर्ष कुड़वार थाना क्षेत्र में करीब 97 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। सभी पूजा समितियों के आयोजकों से संवाद कर उन्हें प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आपसी सहयोग एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए समितियों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।बैठक के दौरान पूजा समितियों के सदस्यों ने कुछ स्थानों पर पंडालों के आसपास हाईटेंशन लाइन के ढीले तारों एवं अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित उपनिरीक्षकों एवं कांस्टेबलों को मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने तथा विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि पंडालों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विद्युत तारों और अन्य संभावित जोखिम वाले स्थानों का समय रहते निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने सभी पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस गश्त बढ़ाने की बात कही गई, ताकि पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके और किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।थाना प्रभारी ने पूजा समितियों से अपील की कि पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।बैठक में डीजे संचालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही डीजे बजाएं। तेज आवाज में डीजे अथवा मानक से अधिक क्षमता वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस ने कहा कि पर्व के दौरान ध्वनि प्रदूषण को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव ने सभी पूजा समितियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पूजा पंडाल के पीछे पानी से भरा ड्रम तथा दो-तीन बाल्टी बालू अनिवार्य रूप से रखी जाए, ताकि आग जैसी आकस्मिक स्थिति उत्पन्न होने पर प्रारंभिक स्तर पर ही बचाव किया जा सके।उन्होंने पूजा समितियों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति अराजकता फैलाने अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल कुड़वार पुलिस को दी जाए।पुलिस ने इसके लिए सीयूजी नंबर 9454404344 जारी करते हुए लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना पुलिस तक तत्काल पहुंचाएं।बैठक के अंत में पुलिस अधिकारियों ने सभी पूजा समितियों, डीजे संचालकों एवं क्षेत्र के नागरिकों से नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।बैठक में कुड़वार कस्बा, बांसी, भंडरा, परशुरामपुर, भदहरा, राजापुर, नीरसहिया समेत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों की दुर्गा पूजा समितियों के सदस्य एवं संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं