ब्रेकिंग न्यूज

खेल प्रतिभाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ रही सरकार : सीएम योगी


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में खेलों को लेकर सकारात्मक और नई संस्कृति का निर्माण हुआ है। मैदान में प्रतिभा दिखाने वाले खिलाड़ियों को उपलब्धि के आधार पर सम्मान देना और उनकी प्रतिभा को राष्ट्र सेवा का अवसर उपलब्ध कराना ही ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई खेल संस्कृति है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब खिलाड़ियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के साथ ही उन्हें रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ने का भी कार्य किया जा रहा है। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर किए गए पोस्ट में वर्ष 2017 से पहले और उसके बाद प्रदेश में खेलों की स्थिति में आए बदलाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की अनदेखी होती थी और खेल कोटा भी उपेक्षित था। खिलाड़ियों की प्रतिभा के बजाय भर्तियों में सिफारिश और पहुंच को लेकर चर्चाएं होती थीं। वर्तमान सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए खेल प्रतिभाओं को सम्मान और अवसर देने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं। सीएम योगी ने कहा कि इसी सकारात्मक खेल संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के अंतर्गत चयनित खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इनमें 43 उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस), 295 आरक्षी (नागरिक पुलिस) और 132 आरक्षी (पीएसी) शामिल हैं। इस प्रकार कुल 470 खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस में नियुक्ति का अवसर मिलेगा।उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए खुल रहे सरकारी सेवा के द्वार उस बदलाव की तस्वीर हैं, जो उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2017 के बाद देखा है। डबल इंजन सरकार ने खेल प्रतिभाओं को रोजगार तथा सुरक्षित भविष्य से जोड़ने की नीति पर काम किया है। इससे खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा के साथ-साथ सम्मानजनक सरकारी सेवा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। सीएम के अनुसार, प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की नीति का परिणाम अब दिखाई दे रहा है। विभिन्न विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती हो चुकी है। वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस में 866 अन्य खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। इससे स्पष्ट है कि सरकार खेल प्रतिभाओं को केवल मैदान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यापक स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों को उचित सम्मान मिलना जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर, सुविधाएं और प्रोत्साहन मिले तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्र सेवा में योगदान देने का अवसर भी प्राप्त हो।

कोई टिप्पणी नहीं