ब्रेकिंग न्यूज

नवरात्रि-दशहरा को लेकर सुलतानपुर में सुरक्षा का खाका तैयार, एडीजी ने की समीक्षा


सुलतानपुर आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन  प्रवीण कुमार ने बुधवार को सुलतानपुर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा गोष्ठी में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।समीक्षा गोष्ठी में पुलिस उपमहानिरीक्षक, अयोध्या परिक्षेत्र, अयोध्या  सोमेन बर्मा की उपस्थिति रही।

वहीं एसपी  विनीत जायसवाल, डीएम  इन्द्रजीत सिंह सहित जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।गोष्ठी के दौरान आगामी त्योहारों को लेकर जनपद की सुरक्षा व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की गई। संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, जुलूस एवं शोभायात्रा मार्गों की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को असामाजिक एवं अराजक तत्वों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी एवं नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान जनसामान्य की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करें।उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, अफवाहपूर्ण एवं आपत्तिजनक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। ऐसी सूचनाओं का तत्काल खंडन करते हुए अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।समीक्षा के दौरान धार्मिक स्थलों, जुलूस एवं शोभायात्रा मार्गों, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। स्थानीय आयोजकों, धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं अन्य संबंधित लोगों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा स्थानीय स्तर पर प्राप्त होने वाली सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया ।अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से आवश्यक ट्रैफिक प्लान तैयार कर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। जुलूस एवं शोभायात्राओं के निर्धारित मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।एडीजी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखें और किसी भी सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया दें। पुलिस बल को हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रखने के साथ ही आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।जनपद पुलिस एवं प्रशासन की ओर से आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्थात्मक प्रबंध किए जा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं