ग्राम प्रधानों के साथ डीएम ने किया संवाद, विकास कार्यों पर हुई चर्चा
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में समस्त ग्राम प्रधानों के साथ संवाद कार्यक्रम पं0 राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों ने ग्राम स्तर पर विकास कार्यों के संचालन में आ रही विभिन्न समस्याओं, समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं के सम्बन्ध में आ रही समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया ।
संवाद के दौरान ग्राम प्रधानों द्वारा नाली एवं चकरोड निर्माण में आ रही समस्याओं, उपजिलाधिकारी एवं पुलिस स्तर से अपेक्षित सहयोग, जल जीवन मिशन के अंतर्गत टोटी से संबंधित समस्याओं सहित अन्य स्थानीय समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया । जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामों के विकास में ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा ग्राम स्तर पर आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ग्राम प्रधानों से कहा कि यदि किसी भी स्तर पर समस्या उत्पन्न होती है तो वे सीधे उन्हें अवगत करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों को सोलर पैनल स्थापित कराने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे ग्राम पंचायतें ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने जिला योजना से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा करते हुए नाली एवं चकरोड निर्माण जैसे कार्यों में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाली बैठकों में वे स्वयं प्रतिभाग करेंगे तथा ग्राम प्रधानों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की कार्यवाही सुनिश्चित कराएंगे। जल जीवन मिशन के संबंध में उन्होंने ग्राम प्रधानों से वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी ढंग से निराकरण कराया जा सके।ग्राम प्रधान जयसिंहपुर द्वारा उठाये गये गौआश्रय स्थलों से संबंधित समस्याओं पर जिलाधिकारी ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। प्रधान मलिकपुर बखरा द्वारा विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण एवं निर्माण कार्य में धीमी प्रगति से सम्बन्धित समस्या को उठाया । जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात से पूर्व जिन विद्यालय भवनों का ध्वस्तीकरण कराया गया है, वहां शेष भवनों के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही करते हुए निर्माण एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपालों में भी वे स्वयं प्रतिभाग करेंगे, जिससे ग्रामीणों एवं ग्राम प्रधानों से सीधे संवाद कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त की जा सके और उनके समाधान की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित हो। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों को अवगत कराया कि किसी भी प्रकार की आधारभूत समस्या अथवा अन्य समस्या के समाधान के लिए वे जनता दर्शन में उनसे सीधे मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के विकास एवं ग्रामों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और ग्राम प्रधानों के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है।जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी ग्राम प्रधान को किसी अवर अभियंता अथवा अन्य अधिकारी/कर्मचारी द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है या कार्यों में समस्या उत्पन्न की जाती है, तो इसकी जानकारी उन्हें तत्काल दी जाए। ऐसी समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराया जाएगा।जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदेश में जनपद की तीसरी रैंक आने पर मुख्य विकास अधिकारी के प्रयास की सराहना की । मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त ग्राम प्रधानों से संवाद के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से आयोजित कराने की अपेक्षा की गई। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर, को आयोजित होने वाले स्वच्छता अभियान, वी.बी.जी. राम जी योजना से सम्बन्धित समस्त कार्यक्रमों का आयोजन गहनता के साथ किया जाय। इस अवसर पर डीसी मनरेगा, डीसी एनआरएलएम व डीपीआरओ द्वारा कल आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में समस्त ग्राम प्रधानों को अवगत कराया ।


कोई टिप्पणी नहीं