ब्रेकिंग न्यूज

डीएम की अध्यक्षता में तहसील लम्भुआ में संपूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (आई.ए.एस.) अंशुल हिंदल की उपस्थिति में तहसील लम्भुआ में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे तथा फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके निस्तारण की कार्यवाही की। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय एवं नियमानुसार परीक्षण कराते हुए समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं प्रभावी समाधान किया जाए तथा उसे की गई कार्रवाई से अवगत भी कराया जाए।   

संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 297 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 35 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भूमि विवाद से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी  ने निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय जांच एवं निरीक्षण करे तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि प्रकरणों की पुनरावृत्ति न हो और संबंधित पक्षों को प्रभावी समाधान प्राप्त हो सके। संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की । बैठक में विभिन्न न्यायालयों एवं विभागों में लंबित प्रकरणों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। धारा-24 एवं वरासत से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि वरासत के प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लंबित प्रकरणों की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी  ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर लंबित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।  जिलाधिकारी  ने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को अपने-अपने न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा प्रभावी पैरवी एवं सुनवाई के माध्यम से मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत एवं लंबित प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं तथा विभिन्न विकास कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी  ने कहा अगर कोई अपने पंचायत के लिये कुछ अलग करना चाहता है ऊर्जा, शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपने पंचायत के लिए नया कार्य करना चाहता है तो वो सीधे हमारे पास आयें हम उसका सहयोग करेंगे। जिलाधिकारी ने भारी बारिश के कारण हुये नुकसानों के सम्बन्ध में किसानों से कहा गया कि वे अपने कृषि, मकान व अन्य हुये नुकसान की सूचना तहसील में उपजिलाधिकारी के पास दर्ज कराये, लेखपाल द्वारा जॉच कर रिर्पोट लगाने के उपरान्त तत्काल की मुआवजा देने की कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी  ने लेखपाल संध के पदाधिकारियों से बात की तथा उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने जिलाधिकारी  से अनुरोध किया कि उनकी समस्याओं को  मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुॅंचाये। जिलाधिकारी  ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे आज ही उनकी समस्या को  मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रेषित कर देंगे तथा जनपद स्तरीय समस्याओं का जल्द ही समाधान कर दिया जायेगा।  जिलाधिकारी  ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी जनसेवक हैं और आमजन की समस्याओं का समाधान करना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, ईमानदारी एवं उत्तरदायित्व के साथ करें, ताकि शासन की योजनाओं एवं विभिन्न सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंच सके।  इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से स्टॉल पर उपलब्ध सेवाओं एवं जनसुविधाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।   इसी क्रम में जनपद की अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया।

कोई टिप्पणी नहीं