ब्रेकिंग न्यूज

पीएम श्री स्कूलों में नवंबर में होगा ‘मेरा गांव-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के पीएम श्री स्कूलों को केवल शिक्षा प्रदान करने वाले संस्थान तक सीमित न रखते हुए उन्हें जनभागीदारी और सामुदायिक सहभागिता के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। इसी क्रम में प्रदेश के 1,565 पीएम श्री स्कूलों में नवंबर माह में ‘मेरा गांव-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए कुल 46.95 लाख रुपये की वित्तीय सीमा निर्धारित की गई है।इस पहल का उद्देश्य पीएम श्री स्कूलों को स्थानीय समुदाय से जोड़ना, अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाना और विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाने के लिए उन्हें मंच उपलब्ध कराना है। विद्यालय, परिवार और ग्राम समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों की शिक्षा को सामाजिक सहयोग से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।‘मेरा गांव-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम के तहत विद्यालयों को उनके सामाजिक परिवेश से जोड़ा जाएगा। इसमें अभिभावकों, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों, शिक्षकों तथा अन्य स्थानीय प्रभावशाली लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।इन सभी को एक साझा मंच पर लाकर बच्चों की शिक्षा, विद्यालय में नामांकन, विद्यार्थियों के ठहराव और सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही समुदाय को विद्यालय की गतिविधियों और समग्र शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक और सहभागितापूर्ण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें रैली और प्रभातफेरी, नाटक, कहानी-वाचन, पोस्टर एवं कलाकृतियों की प्रदर्शनी तथा खेल प्रतियोगिताएं प्रमुख रूप से शामिल होंगी।बच्चों, अभिभावकों और ग्राम समुदाय की सक्रिय भागीदारी के लिए हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी प्वाइंट जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5, 8 और 10 के विद्यार्थियों को क्रमशः अगली कक्षाओं में नामांकन के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों की पढ़ाई को आगे जारी रखने और विद्यालयों में नामांकन व ठहराव को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।‘मेरा गांव-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम में बाल अधिकारों के समर्थन में विशेष हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। इसके माध्यम से अभिभावकों और ग्राम समुदाय को बच्चों के अधिकार, शिक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर समुदाय की जिम्मेदारी और भागीदारी को और मजबूत किया जाए।राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बेसिक शिक्षा संदीप सिंह ने कहा कि पीएम श्री स्कूलों को समुदाय से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। ‘मेरा गांव-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय, अभिभावक और ग्राम समुदाय मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेंगे।महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि विद्यालय और समुदाय की सहभागिता से बच्चों की शिक्षा को नई ऊर्जा मिलेगी। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, सीखने की क्षमता और आगे बढ़ने के अवसरों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं