ब्रेकिंग न्यूज

कृष्ण बरही मेले को लेकर अलर्ट पुलिस, सूरापुर में एसपी ने किया पैदल गश्त


सुल्तानपुर आगामी त्योहारों एवं थाना कादीपुर क्षेत्र के सूरापुर में 15 और 16 सितंबर को आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जी की बरही मेला को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक  विनीत जायसवाल ने सूरापुर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने मेला क्षेत्र एवं उसके आसपास के प्रमुख स्थानों का भ्रमण किया।

इस दौरान उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। एसपी ने मेला आयोजन से जुड़े लोगों तथा स्थानीय नागरिकों से भी बातचीत कर आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली और उनकी समस्याओं व सुझावों को जाना।एसपी विनीत जायसवाल ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के साथ प्रभावी पेट्रोलिंग की जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक पुलिस प्रबंध पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले और आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी पुलिसकर्मी पूर्ण सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें। शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विधिक कार्रवाई की जाए। एसपी ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं और आवश्यक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित रखने पर भी जोर दिया। पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों को भी सुरक्षा का भरोसा दिलाया।इस दौरान क्षेत्राधिकारी कादीपुर, प्रभारी निरीक्षक थाना कादीपुर, चौकी प्रभारी सूरापुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं