ब्रेकिंग न्यूज

थाना समाधान दिवस में एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, भूमि विवादों के निस्तारण में पुलिस-राजस्व समन्वय पर जोर


सुलतानपुर थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कोतवाली नगर पहुंचकर विभिन्न विवादों एवं राजस्व संबंधी मामलों की जनसुनवाई की। एसपी ने समाधान दिवस में पहुंचे शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए उनके निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि एवं जमीनी विवादों से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।एसपी ने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय जांच आवश्यक हो, उनमें पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर जांच की जाए। मौके की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनकी प्राथमिकता के आधार पर जांच कराई जाए। भूमि विवादों में दोनों पक्षों के तथ्यों और अभिलेखों की जांच करते हुए निष्पक्ष निर्णय की दिशा में कार्रवाई की जाए।थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराया जाए और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाए।


कोई टिप्पणी नहीं