ब्रेकिंग न्यूज

बाइक के पीछे बैठे तो हेलमेट जरूरी, वरना कटेगा ऑनलाइन चालान


लखनऊ अब दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले सहयात्री ने हेलमेट नहीं लगाया तो वाहन का ऑनलाइन चालान किया जाएगा। यातायात विभाग ई-चालान प्रणाली को नए सिरे से अपडेट कर रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद बाइक चालक के साथ पीछे बैठे व्यक्ति के हेलमेट नहीं लगाने पर भी चालान काटने का विकल्प ई-चालान प्रणाली में उपलब्ध रहेगा।दरअसल दोपहिया वाहन पर चालक के साथ सहयात्री के लिए भी हेलमेट पहनना पहले से अनिवार्य किया जा चुका है। इसका उद्देश्य सड़क हादसों के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने और जान जाने की घटनाओं को कम करना है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन सवार नियमों का पालन नहीं करते हैं। अब नई चालान व्यवस्था में सहयात्री के हेलमेट को भी सख्ती से लागू किया जाएगा।नई व्यवस्था में यातायात नियमों का उल्लंघन कैमरों के माध्यम से भी दर्ज किया जा सकेगा। आईटीएमएस के कैमरों से दोपहिया वाहन की निगरानी के दौरान यदि चालक या पीछे बैठे सहयात्री के हेलमेट नहीं लगाने की स्थिति सामने आती है तो ऑनलाइन चालान किया जा सकेगा। इसके अलावा यातायात पुलिस के एप के माध्यम से भी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर फोटो खींचकर चालान किए जाने की व्यवस्था भी इसमें शामिल होगी।चालान होने के बाद वाहन स्वामी को निर्धारित जुर्माने की राशि का भुगतान करना होगा। नई प्रणाली में नियम उल्लंघन से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज होगी। जिससे कार्रवाई की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सके।चालान प्रणाली को नए सर्वर और सिस्टम पर अपडेट करने के लिए 21 सितंबर की रात से ई-चालान की प्रक्रिया बंद है। इस दौरान पुराने सिस्टम का डाटा नए सिस्टम में ट्रांसफर किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार डाटा ट्रांसफर का काम पूरा होने के बाद ई-चालान व्यवस्था दोबारा शुरू की जाएगी।यातायात विभाग के स्तर से नए सिस्टम को अपडेट करने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया में अभी थोड़ा और समय लग सकता है। डाटा नए सर्वर पर ट्रांसफर होने के बाद ई-चालान की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।नई चालान व्यवस्था में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्ती बढ़ाई जाएगी। खासतौर पर दोपहिया वाहन पर चालक और सहयात्री दोनों के हेलमेट पहनने पर जोर रहेगा। कैमरा आधारित निगरानी और फोटो के आधार पर चालान की व्यवस्था लागू होने से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना आसान होगा।यातायात विभाग का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों और सहयात्रियों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करना और सड़क हादसों में होने वाली गंभीर चोटों व मौतों को कम करना है। नई ई-चालान प्रणाली शुरू होने के बाद सहयात्री के हेलमेट नहीं लगाने पर भी वाहन स्वामी के खिलाफ ऑनलाइन कार्रवाई की जा सकेगी।

कोई टिप्पणी नहीं