सीताकुंड घाट पर देर रात पहुंचे एसपी, गणेश विसर्जन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किया निरीक्षण
सुलतानपुर गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर जनपद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने देर रात अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित सीताकुंड घाट का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मौसम विभाग की ओर से प्रतिकूल मौसम एवं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए एसपी ने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं एवं आमजन को आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया। उन्होंने सुरक्षित तरीके से गणेश प्रतिमा विसर्जन करने तथा प्रशासन-पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने घाट पर लगातार निगरानी बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निभाने को कहा। एसपी ने निर्देशित किया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जाए। साथ ही जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी मुस्तैदी से तैनात रहें।जनपद पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांतिपूर्ण विसर्जन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। विशेष रूप से मौसम की स्थिति को देखते हुए घाटों पर तैनात पुलिस बल को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।



कोई टिप्पणी नहीं