ब्रेकिंग न्यूज

दरियापुर फ्लाईओवर के नीचे बने श्रमिक जोन का डीएम ने लिया जायजा


सुल्तानपुर प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के तहत श्रमिकों के कल्याण एवं उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।   इसी क्रम में जिलाधिकारी की पहल पर श्रमिकों को एक निर्धारित स्थान पर एकत्रित कर उन्हें रोजगार के साथ-साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे श्रमिक जोन की स्थापना की गई है।

काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों को एक ही स्थान पर रोजगार के अवसरों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कल्याणकारी सुविधाओं से जोड़ा जा सके।जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित श्रमिक जोन में पहुंचकर श्रमिकों से संवाद किया। श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 7 दिवसीय स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। शिविर में टीबी, बुखार, आंखों की जांच, शुगर, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, साथ ही पात्र व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। श्रम विभाग द्वारा श्रमिक कार्ड बनाए जा रहे हैं तथा पात्र श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा तथा श्रमिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।

श्रमिक जोन की व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनीटरिंग के लिए टीम गठित की गई है।  जिलाधिकारी  ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित श्रमिक जोन में श्रमिकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, बिजली, पानी, जिम तथा सीएचसी सहित विभिन्न आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की जल्द उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देशित किया।   जिलाधिकारी  ने कहा कि समय-समय पर स्वास्थय शिविरों का आयोजन किया जायेगा तथा प्रस्तावित स्वास्थ्य शिविरों में एक्स-रे मशीन, मोबाइल एंबुलेंस एवं मोबाइल मेडिकल यूनिट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे श्रमिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उनके कार्यस्थल के निकट ही उपलब्ध हो सकें।‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा श्रमिकों सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं