यूपीआईटीएस-2026 में दिखेगी यूपी के फूड, फार्मा और मेडिकल सेक्टर की ताकत
लखनऊ उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UPITS-2026) में उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के माध्यम से प्रदेश के फूड, ड्रग्स, आयुष और मेडिकल सप्लाइज सेक्टर की क्षमताओं को देश-विदेश के निवेशकों और खरीदारों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले ट्रेड शो में विभाग के लिए विशेष प्रदर्शनी व्यवस्था की गई है।ट्रेड शो के ग्राउंड फ्लोर स्थित हॉल-11 में फूड और ड्रग सेक्टर को स्थान दिया गया है। यहां खाद्य और औषधि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रदर्शकों के लिए अलग-अलग स्टॉल निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा हॉल-8 के सेकेंड फ्लोर में मेडिकल सप्लाई पवेलियन बनाया गया है। यह पवेलियन स्वास्थ्य एवं अस्पताल क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों और खरीदारों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा।ट्रेड शो में खाद्य, न्यूट्रास्यूटिकल्स, हर्बल, फार्मा, बायोटेक, कॉस्मेटिक्स और इससे जुड़े अन्य क्षेत्रों की 32 कंपनियों एवं संस्थाओं ने पंजीकरण कराया है। इन प्रतिभागियों के लिए कुल 471 वर्गमीटर प्रदर्शनी क्षेत्र आवंटित किया गया है।पंजीकृत प्रतिभागियों में बीकानेरवाला फूड्स, हल्दीराम स्नैक्स फूड, भारत सीरम्स एंड वैक्सीन्स, पॉजिट्रॉन बायोजेनिक्स, अनोंदिता मेडिकेयर, एवरेस्ट बेवरेजेज एंड फूड इंडस्ट्रीज, कृष्णा साल्ट इंडस्ट्रीज और डाबर समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख उद्यम शामिल हैं।UPITS-2026 में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन से जुड़े सेक्टर की भागीदारी का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे फूड प्रोसेसिंग, फूड प्रोडक्ट्स, फार्मास्युटिकल्स, मेडिकल सप्लाइज, हर्बल और आयुष इकोसिस्टम को एक साझा अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है।ट्रेड शो के माध्यम से प्रदेश के उद्यमियों को देश-विदेश से आने वाले खरीदारों, निवेशकों और संभावित कारोबारी साझेदारों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। इससे उत्तर प्रदेश में इन क्षेत्रों में उपलब्ध उत्पादन क्षमता, उत्पादों और कारोबारी संभावनाओं को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।विभाग की विशेष प्रदर्शनी व्यवस्था के जरिए प्रदेश के खाद्य और औषधि क्षेत्र से जुड़े उद्योगों को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इससे निवेश और व्यापार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलने के साथ प्रदेश के उभरते फूड से फार्मा तक के औद्योगिक इकोसिस्टम को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने में मदद मिलेगी

कोई टिप्पणी नहीं