ब्रेकिंग न्यूज

‘गिनते रहें, हम नियुक्ति पत्र बांटते रहेंगे’, सीएम योगी का विपक्ष पर तंज


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 1,375 नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर सीएम योगी ने नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत व्यवस्था में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों में पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी प्रशासन उपलब्ध कराना है। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना भेदभाव पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा, "16 करोड़ लोगों को क्या चेहरा देखकर राशन दिया जा रहा है। बिना भेदभाव के दिया जाता है। गरीब को मिल रहा है जो हकदार है।उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में अराजकता का माहौल था और विभिन्न जिलों में माफिया सक्रिय थे। सीएम योगी के अनुसार उस दौर में माफिया की समानांतर सरकार चलती थी और लोग खुद को असुरक्षित महसूस करते थे। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू, दंगा, माफिया और उपद्रव से मुक्त है। सीएम योगी ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित नहीं किए जाने की बात कही जा रही थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि चिंता करने की जरूरत नहीं है, हर सप्ताह नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम होगा। सीएम योगी ने कहा, "सितंबर में ये मेरा चौथा नियुक्ति पत्र कार्यक्रम है। अक्टूबर के प्रथम सप्ताह से यही नियुक्ति पत्र वितरण का काम फिर शुरू कर देंगे।" उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र वितरण का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, "मैं उनसे कहूंगा कि गिनते रहें। हम नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि ग्राम पंचायत अधिकारी गांवों में सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। नवनियुक्त अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और शासन की व्यवस्थाओं को पारदर्शिता के साथ लागू करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

कोई टिप्पणी नहीं