यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की गई जान
लखनऊ यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर थाना क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। दयानतपुर गांव के पास दिल्ली से महोबा जा रही स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई।जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार राज कल्पना ट्रैवल्स की बस संख्या BR 32 PA 8647 दिल्ली से महोबा जा रही थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। यमुना एक्सप्रेसवे पर दयानतपुर गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि आग का पता चलते ही चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। कई यात्रियों ने तत्काल बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। जबकि कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से छलांग लगा दी। आग तेजी से फैलने के कारण कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। कुछ यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद बस से तेज धुआं और ऊंची लपटें उठने लगीं। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। टोल कर्मियों ने बताया कि डबल डेकर स्लीपर बस देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई। कुछ लोगों ने बस से पटाखे जैसी आवाजें आने की भी बात कही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।सूचना मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेसवे की निजी सुरक्षा टीम और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। चार से पांच दमकल वाहनों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद बस की तलाशी ली गई। पुलिस ने मृतकों के शव बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।बस में आग लगने के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। सुरक्षा के मद्देनजर जेवर टोल और फलैदा कट के पास आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात रोका गया। आग पर काबू पाने और राहत कार्य पूरा होने के बाद यातायात को दोबारा सुचारु कराया गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए इस भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने हादसे में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के परिजनों से बात कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हादसे की जांच में जुटे हैं। बस में आग किस वजह से लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

कोई टिप्पणी नहीं