डीएम की बैठक में उठे किसानों के मुद्दे, बिजली से लेकर जैविक खेती तक पर हुआ मंथन
सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में किसान संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में किसान प्रतिनिधियों द्वारा विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं को डीएम के समक्ष रखा । इस पर डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।किसान संगठनों द्वारा दुग्ध क्रय व्यवस्था में सुधार, जैविक उत्पादों के विपणन हेतु पृथक स्थान उपलब्ध कराए जाने तथा मंडी जैसी सुविधाओं के विकास का सुझाव दिया । इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विषयों का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया। बैठक में फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने के संबंध में भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि लखनऊ स्थित नेशनल बॉटैनिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (एनबीआरआई) से संपर्क स्थापित किया गया है तथा जनपद के इच्छुक किसानों को फूलों की खेती एवं उससे संबंधित आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। साथ ही, जैविक फल एवं अन्य जैविक उत्पादों के विपणन तथा बाजार उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।किसानों द्वारा कोल्ड स्टोरेज की क्षमता बढ़ाए जाने तथा अतिरिक्त कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने का सुझाव भी रखा गया, जिस पर डीएम ने आवश्यक संभावनाओं का परीक्षण कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि फार्मर रजिस्ट्री एवं अंश निर्धारण की प्रक्रिया को पूर्ण कराने में प्रशासन का सहयोग करें, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी किसान प्रत्येक गुरुवार को आयोजित नियमित जनता दर्शन में अपनी समस्याओं एवं सुझावों के साथ उपस्थित होकर प्रशासन से संवाद कर सकता है। बैठक में जिला अध्यक्ष संयुक्त किसान मोर्चा/संयोजक अयोध्या मंडल उत्तर प्रदेश किसान सभा शारदा प्रसाद पाण्डे, जिला मंत्री, उत्तर प्रदेश किसान सभा मो0 सैफ अली, जिला उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश किसान सभा अभिषेक यादव सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं किसान संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं