ब्रेकिंग न्यूज

विशेष शिक्षकों के लिए विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा का विज्ञापन जारी, 3 नवंबर को होगी परीक्षा

लखनऊ उत्तर प्रदेश शासन के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों और विशेष शिक्षकों के लिए आयोजित होने वाली विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा ( TET) को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। शासन के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा का विज्ञापन प्रकाशित कर दिया है। निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले संबंधित विद्यालयों के शिक्षक इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि यह परीक्षा प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों एवं विशेष शिक्षकों के लिए आयोजित की जा रही है। संबंधित शिक्षकों को निर्धारित समयसीमा में पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।शासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार प्राथमिक स्तर पर उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों, स्थानीय निकायों तथा राज्य सरकार/बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा समय-समय पर मान्यता अथवा संबद्धता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक पात्र होंगे। इसके अलावा राज्य सरकार से सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा प्राथमिक स्तर पर कार्यरत विशेष एजुकेटर्स यानी कक्षा 1 से 5 तक के विशेष शिक्षकों को भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।इसी प्रकार उच्च प्राथमिक स्तर पर बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों, स्थानीय निकायों तथा मान्यता/सम्बद्धता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक परीक्षा के लिए पात्र होंगे। राज्य सरकार से सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक तथा कक्षा 6 से 8 तक के विशेष एजुकेटर्स भी निर्धारित पात्रता पूरी करने पर इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा का विज्ञापन 3 सितंबर 2026 को प्रकाशित किया गया है। ऑनलाइन पंजीकरण/ओटीआर एवं आवेदन की प्रक्रिया 5 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है।अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार का संशोधन करने के लिए 8 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया है। विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा का आयोजन 3 नवंबर 2026 को किया जाएगा।अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन शिक्षकों ने पूर्व में TET अथवा CTET परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, उनके लिए विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा को दोबारा उत्तीर्ण करना आवश्यक या अनिवार्य नहीं होगा।वहीं, जिन अध्यापकों ने पूर्व में TET अथवा CTET परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है, उन्हें विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए जारी विज्ञापन के तहत पंजीकरण कर आवेदन करने और परीक्षा में शामिल होने के लिए सूचित किया गया है।शासन ने सभी संबंधित अध्यापकों तक परीक्षा से जुड़ी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए बेसिक शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से पात्र शिक्षकों को परीक्षा की पात्रता आवेदन प्रक्रिया और निर्धारित समयसीमा की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।शासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र शिक्षक समय रहते अपना पंजीकरण और आवेदन पूरा कर सकें और परीक्षा में शामिल होने से वंचित न रहें। शिक्षकों से निर्धारित तिथियों का ध्यान रखते हुए आवेदन प्रक्रिया समय से पूरी करने की अपेक्षा की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं