ब्रेकिंग न्यूज

डीएम के औचक निरीक्षण से सीएचसी लंभुआ में मचा हड़कंप


सुलतानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लंभुआ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया। डीएम के अचानक पहुंचने की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चिकित्सकों व कर्मचारियों में हलचल तेज हो गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती और ओपीडी में आए मरीजों से सीधे संवाद कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से यह भी पूछा कि उन्हें समय पर डॉक्टर मिल रहे हैं या नहीं तथा किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को अस्पताल परिसर में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के चिकित्सकों के कक्ष के आसपास मौजूद होने की जानकारी मिली। इस पर उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल परिसर में सक्रिय दलालों और अनधिकृत व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में दलालों की गतिविधियां किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और मरीजों का शोषण करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएं।डीएम ने अस्पताल की बाउंड्री वॉल, चिकित्सकों के आवास, वार्डों, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखा जाए तथा मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दें।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले के अस्पतालों का औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि किसी अस्पताल में लापरवाही, अव्यवस्था या दलालों की सक्रियता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं