ब्रेकिंग न्यूज

डीएम की अध्यक्षता में तहसील बल्दीराय में संपूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह उपस्थिति में तहसील बल्दीराय में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, एसडीएम बल्दीराय, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुना  तथा सम्बन्धित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी  ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से करते हुए शिकायतकर्ता को पूर्णरूप से संतुष्ट किया जाये। उन्होंने कहा कि जो शिकायत भूमि विवाद से सम्बन्धित है उसमें राजस्व व पुलिस विभाग संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर निस्तारित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 160 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 45 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए निर्धारित समयावधि में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।   तत्पश्चात जिलाधिकारी ने तहसीलदार, लेखपालों एवं राजस्व निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की गई। उक्त बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी  ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के सम्बन्ध  में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।  बैठक के दौरान धारा-24 एवं विरासत से सम्बन्धित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विरासत के मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा सभी प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपद में बल्दीराय में लम्बन की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लम्बित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने एसडीएम एवं तहसीलदार को अपने-अपने न्यायालयों में प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने  कहा कि वह एक सप्ताह के भीतर सभी शिकायतों के समाधान की प्रगति की समीक्षा करेंगे और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।    जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया  कि खेतों में विद्युत पोल अथवा खंभों से सीधे लगी जाली व तारों के संबंध में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। जिलाधिकारी  ने कहा कि लापरवाही के कारण कोई हादसा होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाएगी।विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि फील्ड में कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं लाइनमैन को जूते, ग्लव्स एवं हेलमेट जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराकर ही कार्य कराया जाए तथा कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने एसडीएम बल्दीराय को तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही धारा-116 के मामलों में आदेश पारित होने के उपरांत संबंधित पक्ष को तत्काल कब्जा दिलाए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीएचसी प्रभारी को निर्देशित किया गया कि एमएमआर पर गंभीरता से कार्य करते हुए कमियों को ईमानदारी से दूर किया जाए। केवल क्रिटिकल मामलों को ही उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर किया जाए तथा गर्भवती महिलाओं के मामलों की समय से पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं एवं जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी  ने बीएसए को निर्देशित किया कि विद्यालयों से संबंधित प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी जनसेवक हैं और हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता जनसेवा है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय से प्राप्त हो सके। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा संपूर्ण समाधान दिवस परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का भी निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कोई टिप्पणी नहीं